क्राइम

सरेंडर के लिए कोर्ट पहुंचा फरार लाइसेंसी पाटेंद्र, एसआईटी ने लिया हिरासत में

अधिवक्ता के साथ जिला न्यायालय देवास पहुंचा था आरोपी

Share

 

देवास। खातेगांव में अवैध शराब तस्करी रोकने के दौरान थाना प्रभारी की शहादत के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी पाटेंद्र जायसवाल को आखिरकार पुलिस अभिरक्षा में ले लिया गया है। अधिवक्ता के साथ जिला न्यायालय देवास पहुंचा था आरोपी।

शुक्रवार को आरोपी अपने अधिवक्ता के साथ जिला न्यायालय देवास में उपस्थित हुआ, जहां से पुलिस ने उसे अभिरक्षा में लिया। आरोपी से अब प्रकरण के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

गौरतलब है कि खातेगांव थाना क्षेत्र में 1 एवं 2 नवंबर 2026 की मध्यरात्रि अवैध शराब तस्करी रोकने के लिए पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान थाना प्रभारी की शहादत हो गई थी। इस गंभीर प्रकरण के बाद से आरोपी पाटेंद्र जायसवाल फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए देवास पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी।

कई जिलों और दूसरे राज्यों में तलाश, पुलिस ने दी थी दबिश-
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए देवास पुलिस ने आरोपी की तलाश और गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें गठित की थीं। इन टीमों को अलीराजपुर सहित मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों और अन्य राज्यों में संभावित ठिकानों पर रवाना किया गया था। पुलिस द्वारा लगातार दबिश देकर आरोपी की तलाश की जा रही थी।

इसी बीच शुक्रवार को आरोपी अपने अधिवक्ता के साथ जिला न्यायालय देवास पहुंचा। इसके बाद उसे न्यायालय से पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के आधार पर प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button