क्राइम

मक्सी बायपास चौराहे के समीप सड़क हादसा, ई-स्कूटी सवार महिला की मौके पर मौत

Share

पति के पैर में फ्रैक्चर, बेटी भी घायल, मालसाखेड़ा से देवास आ रहा था परिवार

देवास। मक्सी बायपास चौराहे के समीप शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में ई-स्कूटी सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पति और बेटी घायल हो गए।

परिवार मालसाखेड़ा से देवास की ओर आ रहा था, तभी दोपहर करीब 12:30 बजे किसी अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही वार्ड क्रमांक 3 के पार्षद प्रतिनिधि राज वर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मालसाखेड़ा निवासी अखिलेश वर्मा अपनी पत्नी ज्योति वर्मा और बेटी नंदनी के साथ ई-स्कूटी से देवास आ रहे थे। इसी दौरान मक्सी बायपास चौराहे के समीप अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ज्योति वर्मा ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे में अखिलेश वर्मा और उनकी बेटी नंदनी भी घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अखिलेश के पैर में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि बेटी नंदनी को सामान्य चोटें आई हैं। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। टक्कर मारने वाले वाहन और उसके चालक की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

Back to top button