क्राइम

पूजा के नाम पर 10 के नोट में गायब किए थे गहने, कोर्ट ने सुनाई 3 साल की सजा

Share

 

‘ऑपरेशन संकल्प’ के तहत देवास पुलिस को मिली एक और बड़ी सफलता

देवास। जिले में अपराधियों की धरपकड़ और न्याय दिलाने की दिशा में देवास पुलिस का ‘ऑपरेशन संकल्प’ लगातार सफलताएं दर्ज कर रहा है। इसी कड़ी में धोखाधड़ी के एक प्रकरण में अदालत ने आरोपी को दोषी मानते हुए 3 वर्ष का सश्रम कारावास और 1,000 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है।

पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद की अगुवाई में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन संकल्प’ का उद्देश्य विवेचना को अधिक पेशेवर और वैज्ञानिक बनाकर समयबद्ध रूप से चालान न्यायालय में पेश करना है। साथ ही न्यायालय द्वारा जारी समनों और वारंटों की प्राथमिकता से तामील सुनिश्चित की जा रही है, जिससे गंभीर अपराधों में शीघ्र न्यायिक निर्णय संभव हो सके।

क्या था मामला:
19 अप्रैल 2018 को थाना सिविल लाइन पर एक महिला फरियादी ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि आरोपी अकरम अली पिता सलीम अली (निवासी गायत्री कॉलोनी, जुलवानिया, बड़वानी) और हैदर अली (निवासी अमन कॉलोनी, भोपाल) कपड़े खरीदने के बहाने दुकान पर आए। खुद को ‘जाने-माने पंडित’ बताते हुए महिला को झांसे में लिया और पूजा-पाठ के नाम पर सोने के आभूषण अपने पास रख लिए। आभूषणों को 10 रुपये के नोट में लपेटकर वापस फरियादी को सौंपने का दावा किया, लेकिन नोट खोलने पर महिला को पता चला कि उसके गहने गायब थे।

थाना सिविल लाइन में अपराध पंजीबद्ध कर निरीक्षक विवेक कनोडिया द्वारा मामले की विवेचना की गई और 13 जुलाई 2018 को आरोपी अकरम को गिरफ्तार कर लिया गया। विवेचना पूर्ण कर 19 नवम्बर 2018 को न्यायालय में चालान पेश किया गया।

न्यायालय का फैसला:
सटीक विवेचना और प्रभावी पैरवी के चलते मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट भारत सिंह क़ानेल ने आरोपी अकरम अली को भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं में दोषी मानते हुए 3 वर्ष के सश्रम कारावास और 1,000 रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई।

टीम की सराहना:
इस सफलता में लोक अभियोजक महेन्द्र सितोले की सशक्त पैरवी, कोर्ट मोहर्रिर प्रआर श्याम अजना, महिला आरक्षक वंदना चौरसिया, कोर्ट मुंशी आर. राजकुमार और वारंट मुंशी आर. गौरव पीरोनिया की प्रमुख भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने टीम के उल्लेखनीय कार्य की सराहना करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र देने की घोषणा की और आगामी प्रकरणों में भी इसी उत्साह और दता से कार्य करने के निर्देश दिए।

Back to top button