तनाव दूर करेगा ‘हार्टफुलनेस’: थाना बरोठा में शुरू हुआ 3 दिवसीय विशेष ध्यान शिविर

बरोठा (अमर चौधरी)। पुलिसकर्मियों के दैनिक तनाव को कम कर मानसिक संतुलन मजबूत करने के उद्देश्य से थाना बरोठा में हार्टफुलनेस ध्यान पर आधारित तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर शुरू हो गया है। यह पहल पुलिस मुख्यालय की प्राथमिकताओं को दर्शाती है।
पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार तथा पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) एचएन बाथम के मार्गदर्शन में थाना बरोठा में 17 से 19 नवंबर तक हार्टफुलनेस मेडिटेशन का तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया जा रहा है। इस ध्यान शिविर का उद्देश्य पुलिस बल को तनावमुक्त करना, ऊर्जा बढ़ाना और मानसिक शांति प्रदान करना है, ताकि वे बेहतर ढंग से जनता की सेवा कर सकें।
पहले दिन के सत्र में प्रशिक्षक स्टेनो जवाहर सिंह एवं प्रधान आरक्षक आशीष सिंह ने उपस्थित थाना प्रभारी निरीक्षक सविता सिंह सहित समस्त स्टाफ को रिलेक्सेशन और ध्यान के महत्वपूर्ण चरणों का अभ्यास कराया। पुलिसकर्मियों ने बताया, कि ड्यूटी के दबाव, चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों और अनियमित समय-सारिणी के बीच यह ध्यान क्रियाएं मानसिक तनाव कम करने में अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रही हैं।

ध्यान सत्र के दौरान प्रशिक्षकों ने बताया कि हार्टफुलनेस मेडिटेशन शरीर और मन को संतुलित करने के साथ-साथ निर्णय क्षमता भी बढ़ाता है। नियमित रूप से इसे अपनाने से ड्यूटी के दौरान होने वाले मानसिक दबाव, थकान और तनाव में उल्लेखनीय कमी आती है।
निरीक्षक सविता सिंह ने इस पहल को पुलिस विभाग के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए कहा, कि इस तरह के ध्यान अभ्यास न केवल पुलिस बल की कार्यक्षमता बढ़ाते हैं बल्कि व्यवहार और मानसिक स्वास्थ्य को भी सकारात्मक दिशा देते हैं।




