बप्पा के स्वागत को सज रहा रपट चौराहा, 13 सितंबर को होगा ‘रपट के महाराजा’ का भव्य आगमन

– आठवें वर्ष में प्रवेश कर रहा विघ्नहर्ता क्लब का गणेश उत्सव, महाआरती और 1111 लड्डुओं का भोग रहेगा आकर्षण
भौंरासा (मनोज शुक्ला)। गणपति उत्सव को लेकर नगर में तैयारियां शुरू हो गई हैं। नगर के रपट चौराहे पर इस बार भी भगवान श्री गणेश की भव्य प्रतिमा विराजित की जाएगी। विघ्नहर्ता क्लब गणेश उत्सव समिति द्वारा आयोजित होने वाला यह उत्सव अपने आठवें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण 13 सितंबर को ‘रपट के महाराजा’ का आगमन रहेगा।
हरतालिका तीज के अवसर पर होने वाले गणेश जी के आगमन को लेकर समिति द्वारा विशेष तैयारियां की जा रही हैं। आगमन के दौरान नगर में गणपति बप्पा मोरिया के जयकारों के साथ भक्तिमय वातावरण देखने को मिलेगा। समिति के अनुसार, हर वर्ष की तरह इस बार भी गणेश उत्सव को पहले से अधिक आकर्षक और यादगार बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
गणेश चतुर्थी पर संगीतमय महाआरती, 1111 लड्डुओं का भोग-
गणेश चतुर्थी के दिन शाम 7 बजे भगवान श्री गणेश की संगीतमय महाआरती आयोजित की जाएगी। इसके बाद बप्पा को 1111 लड्डुओं का विशेष भोग अर्पित किया जाएगा। महाआरती में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के बीच प्रसादी का वितरण भी किया जाएगा।
हर साल बदलता है बप्पा का मनमोहक स्वरूप-
विघ्नहर्ता क्लब गणेश उत्सव समिति द्वारा पिछले वर्षों में भगवान गणेश को अलग-अलग आकर्षक स्वरूपों में विराजित किया गया है। वर्ष 2023 में भगवान गणेश का स्वरूप तिरुपति बालाजी की तर्ज पर तैयार किया गया था। वर्ष 2024 में भगवान श्री हरि विष्णु के स्वरूप में दर्शन कराए गए, जबकि वर्ष 2025 में पुणे के प्रसिद्ध दगडूशेठ गणपति की तर्ज पर आकर्षक प्रतिमा स्थापित की गई थी।
इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी बप्पा का स्वरूप विशेष आकर्षण का केंद्र रहने की उम्मीद है। समिति के अनुसार, इस बार भगवान विघ्नहर्ता गणेश जी की सजावट और स्वरूप को लेकर विशेष तैयारी की जा रही है।
बिना व्यापारी या किसी विशेष व्यक्ति से आर्थिक सहायता के आयोजन का संकल्प-
समिति की एक खास पहल यह भी है कि पिछले दो वर्षों से गणेश उत्सव के आयोजन के लिए किसी व्यापारी, अभिनेता या अन्य किसी विशेष व्यक्ति से सहायता राशि नहीं ली जा रही है। समिति सदस्यों और श्रद्धालुओं के सहयोग से ही उत्सव के विभिन्न कार्यों को पूरा किया जा रहा है।
समिति सदस्यों का कहना है कि सामूहिक सहभागिता और श्रद्धालुओं के सहयोग से धार्मिक आयोजन को भव्य स्वरूप देने का प्रयास लगातार जारी रहेगा।
नगरवासियों से शामिल होने की अपील-
विघ्नहर्ता क्लब गणेश उत्सव समिति ने नगर के सभी श्रद्धालुओं, माताओं-बहनों और गणमान्य नागरिकों से भगवान श्री गणेश के भव्य आगमन एवं गणेश उत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उक्त जानकारी समिति सदस्य अंशराज सिंह राजपूत ने दी।



