बुजुर्गों के चेहरों पर मुस्कान बिखेर अमलतास परिवार ने मनाई दीपावली
मिठाई के साथ शाल-कंबल किए भेंट

देवास। दीपावली का असली उत्सव तभी सार्थक होता है, जब खुशियों की रोशनी हर घर और हर चेहरे तक पहुंचे।
इसी भावना के साथ अमलतास ग्रुप द्वारा संचालित अमलतास वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के बीच दीपावली का पर्व आत्मीयता, सम्मान और उत्साह के साथ मनाया गया। अपनों के स्नेह से सराबोर इस आयोजन में बुजुर्गों के चेहरों पर मुस्कान दिखाई दी। अमलतास परिवार ने उनके साथ पर्व की खुशियां साझा कर अपनत्व का अहसास कराया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां लक्ष्मी एवं भगवान श्री गणेश के पूजन-अर्चन और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद आश्रम परिसर को रंग-बिरंगे दीपों से रोशन किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने आयोजन में उत्साह के रंग भर दिए। प्रस्तुतियों का बुजुर्गों ने आनंद लिया और पुरानी यादें भी ताजा कीं।

दीपावली की खुशियों को यादगार बनाते हुए अमलतास परिवार की ओर से आश्रम के सभी बुजुर्गों को मिठाइयां वितरित की गईं। वहीं, सर्दी के मौसम को देखते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक शॉल और कंबल भी भेंट किए गए। उपहार पाकर बुजुर्गों ने प्रसन्नता जताई और अमलतास प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजन ने यह संदेश दिया कि त्योहारों की खुशियां बांटने से बढ़ती हैं और बुजुर्गों के प्रति सम्मान एवं स्नेह ही समाज की असली पूंजी है।

इस अवसर पर अमलतास अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. महावीर खंडेलवाल, गोपालकृष्ण जोशी, वृद्धाश्रम प्रबंधक मोहम्मद रेहान, नाजनीन मिर्जा और डॉ. महेंद्र सहित अमलतास परिवार के प्रमुख चिकित्सक एवं अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने बुजुर्गों से आत्मीय संवाद किया, उनका आशीर्वाद लिया और दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाल जीवन की कामना की।

अमलतास ग्रुप के चेयरमैन मयंकराज सिंह भदौरिया ने अपने संदेश में कहा कि बुजुर्ग हमारे समाज की धरोहर हैं और उनका अनुभव नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शन का स्रोत है। दीपावली का वास्तविक अर्थ खुशियां बांटना और हर चेहरे पर मुस्कान लाना है। अमलतास परिवार वरिष्ठजनों के स्वास्थ्य, सम्मान और खुशहाली के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों के चेहरों पर खिलने वाली मुस्कान ही अमलतास परिवार की सबसे बड़ी पूंजी है।





