धर्म-अध्यात्म

ग्रामीण क्षेत्रों में धूमधाम से मनाया गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महोत्सव

Share

 

शिप्रा (राजेश बराना)। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महिलाओं ने विधि-विधान से गोवर्धन महाराज का पूजन-अर्चन किया और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। गांव क्षिप्रा में भी पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।

गांव क्षिप्रा की वरिष्ठ पंच रीता अग्रवाल ने बताया कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण ने देवराज इंद्र का अहंकार चूर करने और गोकुलवासियों की रक्षा के लिए गोवर्धन पर्वत को अपनी कनिष्ठ उंगली पर उठाया था। इसी प्रसंग की स्मृति में गोवर्धन पूजा की परंपरा निभाई जाती है। इस दिन भगवान श्रीकृष्ण को छप्पन भोग एवं अन्नकूट का प्रसाद अर्पित किया जाता है।

पूजन के दौरान महिलाओं ने सुहाग की थाली, फल-फूल एवं दक्षिणा अर्पित कर पारंपरिक लोकगीत और मंगल गीत गाए। इसके बाद गोवर्धन महाराज की परिक्रमा कर पति, बच्चों और परिवार के सदस्यों की दीर्घायु तथा सुख-समृद्धि की कामना की। महिलाओं ने भगवान श्रीकृष्ण एवं माता अन्नपूर्णा से घर-परिवार में अन्न-धन की निरंतर समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की।

इस अवसर पर गौपूजन का भी विशेष महत्व रहा। महिलाओं ने गायों को स्नान कराकर तिलक लगाया और उन्हें सजाकर अन्नकूट का प्रसाद खिलाया। ग्रामीण क्षेत्रों में गाय और बैलों को परिवार का अभिन्न हिस्सा मानने की परंपरा के बीच यह पर्व प्रकृति, पशुधन और कृषि संस्कृति के प्रति आस्था एवं सम्मान का संदेश देता नजर आया।

 

Back to top button