क्राइमदेवास

दीपावली की रात अग्रवाल कोल्डड्रिंक्स के रेस्टोरेंट सहित अन्य जगह पुश्तैनी मकान में लगी भीषण आग

20 किलोवॉट का सोलर प्लांट, एसी, फ्रिज सहित लाखों का सामान जलकर खाक

Share

जनता बैंक चौराहे पर लकड़ी से बने पुराने मकान की हर चीज राख में बदली, पुरखों की निशानियां भी नहीं बचीं

देवास। दीपावली की रात शहर में आतिशबाजी के बीच आग की दो बड़ी घटनाओं ने हड़कंप मचा दिया। अग्रवाल कोल्डड्रिंक्स के रेस्टोरेंट और जनता बैंक चौराहे के पास शालिनी रोड स्थित लकड़ी से बने पुराने पुश्तैनी मकान में भीषण आग लग गई। दोनों स्थानों पर आग इतनी विकराल थी कि लाखों रुपए की संपत्ति जलकर खाक हो गई।

दोनों घटनाओं में करीब 50 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान है। रेस्टोरेंट में 20 किलोवॉट का सोलर प्लांट, एसी, फ्रिज और अन्य सामान जल गया, जबकि पुराने मकान में वर्षों से संजोकर रखी पुरखों की निशानियां, दस्तावेज, फर्नीचर और आभूषण बनाने की मशीन तक राख हो गई। रात में दमकलकर्मियों ने घंटों मशक्कत कर आग पर काबू पाया, लेकिन सुबह दोनों जगह तबाही का मंजर नजर आया। कहीं जले हुए उपकरणों के अवशेष पड़े थे तो कहीं मकान की लकड़ियां कोयले में तब्दील हो चुकी थीं।

अग्रवाल कोल्डड्रिंक्स में लगभग 20 लाख से अधिक का नुकसान-
आग की पहली घटना अग्रवाल कोल्डड्रिंक्स के रेस्टोरेंट में हुई। रात करीब 11:30 बजे आसपास के लोगों ने दुकान के ऊपरी हिस्से से आग की ऊंची लपटें उठती देखीं। पड़ोसी ने तत्काल संचालक को सूचना दी। इसके बाद फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। आग रेस्टोरेंट के ऊपरी हिस्से में लगी थी, जहां कोल्ड रूम बनाया गया था। यहां टिन शेड होने और आग के तेजी से फैलने के कारण दमकलकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब एक घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

रेस्टोरेंट संचालक राजेंद्र कुमार अग्रवाल ने बताया कि वे शाम करीब 7 बजे तक दुकान पर ही थे। इसके बाद रात करीब 11 बजे भी दुकान पर आते रहे। हमारा एक कर्मचारी नीचे सो रहा था। रात करीब 11:30 बजे पड़ोसी ने आग लगने की सूचना दी। मौके पर पहुंचे तो ऊपरी हिस्से में आग की ऊंची लपटें उठ रही थीं। फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने आग बुझाने में काफी मेहनत की। आसपास के लोगों ने भी सहयोग किया।

उन्होंने बताया कि आग से करीब 20 लाख रुपए से अधिक का नुकसान हुआ है। कुछ महीने पहले ही 20 किलोवॉट का सोलर प्लांट लगाया था, जो आग में पूरी तरह खराब हो गया। इसमें ही करीब 9 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। ऊपरी हिस्से में 2 एसी, फ्रिज, पानी की कैन, पैकिंग के लिए रखी डिस्पोजल सामग्री सहित अन्य सामान रखा था। आग की चपेट में आकर सब कुछ जल गया। सोमवार को दिन में जब जले हुए सामान के अवशेष देखे गए तो नुकसान की भयावहता साफ नजर आ रही थी।

रेस्टोरेंट के ऊपरी हिस्से में टिन शेड लगा है और सामने की ओर हवा व रोशनी के लिए खुला स्थान है। आशंका जताई जा रही है कि दीपावली पर आतिशबाजी के दौरान कोई जलता हुआ पटाखा उड़कर इस खुले हिस्से से अंदर पहुंचा होगा, जिससे आग लगी। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी। सोमवार दोपहर पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।

पुश्तैनी मकान में पुरखों की यादें भी जल गईं, लकड़ियां तक बनीं कोयला-
आग की दूसरी घटना जनता बैंक चौराहे के पास शालिनी रोड स्थित लकड़ी से बने पुराने मकान में हुई। रात करीब 12:15 बजे परिवार के लोगों को मकान में आग लगने की सूचना मिली। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। मकान लकड़ी से बना होने के कारण लपटें तेजी से फैलती चली गईं। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। आग की भयावहता इतनी अधिक थी कि इसे पूरी तरह बुझाने में रात करीब 3 बजे तक का समय लग गया।

यह मकान सुनील जैन का है। उनके भाई ने बताया कि यह पुश्तैनी मकान था। इसमें पुराना फर्नीचर, महत्वपूर्ण दस्तावेज और आभूषण बनाने की मशीन रखी हुई थी। आग में सब कुछ जलकर नष्ट हो गया। मकान की लकड़ियां तक जलकर कोयला बन गईं। आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में लेकर उसे खाक कर दिया। मकान और उसमें रखे सामान सहित करीब 25 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान है।

उन्होंने भावुक होते हुए बताया कि इस मकान से परिवार की पुरानी यादें और भावनाएं जुड़ी हुई थीं। यहां पुरखों की कई ऐसी वस्तुएं रखी थीं, जो परिवार के लिए अनमोल थीं। उनका कोई आर्थिक मूल्य नहीं लगाया जा सकता था। पीढ़ियों से संभालकर रखी गई ये निशानियां आग में हमेशा के लिए खत्म हो गईं। उन्होंने कहा कि मकान के साथ परिवार की भावनाएं भी जुड़ी थीं, लेकिन अब वहां सिर्फ जले हुए अवशेष बचे हैं।

दीपावली की रात लगी आग के बाद सोमवार सुबह मकान का मंजर बेहद भयावह नजर आया। लकड़ी से बना मकान पूरी तरह जल चुका था। जगह-जगह जली हुई लकड़ियां, राख और मलबा बिखरा पड़ा था। रेस्टोरेंट हो या पुश्तैनी मकान, दोनों जगह आग ने लाखों का नुकसान किया, लेकिन पुराने मकान के मामले में परिवार को आर्थिक नुकसान के साथ अपनी पीढ़ियों की धरोहर खोने का दर्द भी झेलना पड़ा।

पड़ोसी हकीमुद्दीन बोहरा ने बताया कि यहां सामने ही कचरा पेटी रखी हुई है, ऐसा लगता है कि आग पहले कचरे में लगी होगी, फिर इसने मकान को अपनी चपेट में लिया होगा।

 

Back to top button