क्राइम

टीआई दिलीप पुरी हत्याकांड का मुख्य आरोपी मनीष जायसवाल गुजरात से गिरफ्तार

शराब तस्करी सिंडिकेट की अहम कड़ी पुलिस के शिकंजे में, आरोपी को न्यायालय में पेश कर लिया पुलिस रिमांड

Share

 

देवास। खातेगांव में थाना प्रभारी दिलीप पुरी की शहादत के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शराब तस्करी रोकने के दौरान हुई इस सनसनीखेज घटना का मुख्य आरोपी और शराब तस्करी सिंडिकेट की अहम कड़ी माने जा रहे मनीष जायसवाल को पुलिस ने गुजरात के वड़ोदरा से गिरफ्तार कर लिया है।

घटना के बाद से ही वह फरार चल रहा था। उसकी तलाश में देवास पुलिस की कई टीमें लगातार अलग-अलग राज्यों और जिलों में दबिश दे रही थीं। आखिरकार पुलिस ने उसे गुजरात से पकड़कर देवास पहुंचाया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।

घटना के बाद से पुलिस की रडार पर था मुख्य आरोपी-
दरअसल, खातेगांव थाना क्षेत्र में 1 और 2 नवंबर 2026 की मध्यरात्रि को अवैध शराब तस्करी रोकने के दौरान थाना प्रभारी दिलीप पुरी को ट्रक से कुचल दिया गया था। इस घटना में उन्होंने कर्तव्य निभाते हुए अपनी जान गंवा दी थी। घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की धरपकड़ के लिए अभियान शुरू किया था। इसी दौरान प्रकरण का मुख्य आरोपी मनीष जायसवाल फरार हो गया था।

कई राज्यों में तलाश, गुजरात में मिली सफलता-
मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए देवास पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार सक्रिय थीं। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी और दूसरे राज्यों में भी उसकी तलाश की जा रही थी। इसी कार्रवाई के दौरान पुलिस को गुजरात में सफलता मिली और मनीष जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे देवास लाया गया।

रिमांड पर लेकर खोले जाएंगे शराब तस्करी नेटवर्क के राज-
पुलिस ने आरोपी मनीष जायसवाल को न्यायालय के समक्ष पेश कर पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड प्राप्त किया है। अब पुलिस उससे अवैध शराब तस्करी के नेटवर्क, सिंडिकेट से जुड़े लोगों और इस कारोबार के अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ करेगी। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में शराब तस्करी के नेटवर्क से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं। फिलहाल मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। अब पुलिस की पूछताछ से यह सामने आने की उम्मीद है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा अवैध शराब के कारोबार का संचालन किस तरह किया जा रहा था।

Back to top button