देवास में 300 पदों पर बंपर भर्ती, 17 सितंबर को लगेगा रोजगार मेला; 5वीं से ITI-डिग्री वालों को मौका
मल्हार स्मृति मंदिर में होगा युवा संगम रोजगार मेला

किर्लोस्कर, सन फार्मा समेत कई कंपनियां देंगी नौकरी, देवास जॉब पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन जरूरी
देवास। नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए देवास में बड़ा मौका है। जिला रोजगार कार्यालय, आईटीआई और उद्योग विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 17 सितंबर को मल्हार स्मृति मंदिर में युवा संगम रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक होने वाले इस मेले में विभिन्न निजी कंपनियों में करीब 300 पदों पर भर्ती होगी। खास बात यह है कि 5वीं, 8वीं, 10वीं, 12वीं, स्नातक, स्नातकोत्तर, ITI और डिप्लोमा उत्तीर्ण युवा भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे।
जिला रोजगार कार्यालय, आईटीआई एवं उद्योग विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिले के युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से युवा संगम रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। रोजगार मेले का आयोजन 17 सितंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक मल्हार स्मृति मंदिर सभागृह में होगा। युवा संगम में लगभग 300 पदों पर भर्ती के लिए विभिन्न निजी कंपनियों द्वारा रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
भर्ती प्रक्रिया में सम्मिलित होने के लिए आवेदकों का देवास जॉब पोर्टल पर पंजीयन अनिवार्य है। इच्छुक युवा देवास जॉब पोर्टल पर अपना पंजीयन कर रोजगार मेले में शामिल हो सकते हैं। देवास जॉब पोर्टल पर पंजीयन के लिए https://dewasjob.mp.gov.in पर जाकर पंजीयन किया जा सकता है। युवा संगम में उपस्थित आवेदकों को देवास जॉब पोर्टल के माध्यम से रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा रोजगार, स्वरोजगार एवं कैरियर काउंसलिंग से संबंधित जानकारी भी दी जाएगी।
रोजगार मेले में देवास की अपेरल एवं वस्त्र निर्माण इंडस्ट्री में महिलाओं को प्रशिक्षण प्रदान करने की जानकारी भी दी जाएगी। इसके अलावा देवास एवं इंदौर-पीथमपुर क्षेत्र की विभिन्न निजी कंपनियों द्वारा रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। इनमें वीई कमर्शियल व्हीकल्स, किर्लोस्कर लिमिटेड, प्रिज्म जॉनसन, सन फार्मा लेबोरेटरीज, इप्का लेबोरेटरीज, बीएबल इंदौर, भारतीय जीवन बीमा निगम, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, निप्पोन लाइफ इंश्योरेंस एवं धारा इंटरप्राइजेस इंदौर सहित अन्य संस्थाएं शामिल हैं।
युवा संगम में कक्षा 5वीं, 8वीं, 10वीं, 12वीं, स्नातक, स्नातकोत्तर, आईटीआई के समस्त ट्रेड एवं डिप्लोमा उत्तीर्ण आवेदक भर्ती प्रक्रिया में सम्मिलित हो सकते हैं। जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों ने जिले के अधिक से अधिक युवाओं से देवास जॉब पोर्टल पर पंजीयन कर 17 सितंबर को आयोजित युवा संगम रोजगार मेले में उपस्थित होकर रोजगार के अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। युवा संगम में उपस्थित होने के लिए किसी प्रकार का यात्रा व्यय देय नहीं होगा।



