शॉर्ट एनकाउंटर में घायल शराब तस्करी के दोनों आरोपियों की 7 दिन की रिमांड
पुलिस खंगालेगी तस्करी के नेटवर्क की कड़ियां

इंदौर के अरविंदो अस्पताल से कड़ी सुरक्षा में खातेगांव लाए गए आरोपी
खातेगांव (रवि वर्मा)। बरोठा के पास शराब तस्करी के दौरान हुए शॉर्ट एनकाउंटर में घायल दो आरोपियों को उपचार के बाद पुलिस ने अपनी अभिरक्षा में ले लिया है। दोनों आरोपियों को इंदौर के अरविंदो अस्पताल से निजी एंबुलेंस के जरिए कड़ी सुरक्षा के बीच खातेगांव लाया गया।
इससे पहले देवास जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस को दोनों की सात दिन की रिमांड मिल गई। अब पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क, अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों और उनकी भूमिका को लेकर पूछताछ करेगी।

अंतरराज्यीय शराब तस्करी मामले में कार्रवाई के दौरान वाहन चालक गजेंद्र उर्फ अक्कू और क्लीनर धीरज घायल हो गए थे। दोनों को उपचार के लिए इंदौर के अरविंदो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार पूरा होने के बाद पुलिस टीम अतिरिक्त बल और सुरक्षा इंतजामों के साथ दोनों को निजी एंबुलेंस से देवास जिला अस्पताल में मेडिकल के बाद खातेगांव लेकर पहुंची एवं पुलिस ने न्यायालय में पेश किया।
सात दिन तक होगी पूछताछ, कई राज खुलने की उम्मीद–
न्यायालय से सात दिन की पुलिस रिमांड मिलने के बाद अब जांच का दायरा और बढ़ने की संभावना है। पुलिस यह पता लगाने में जुटेगी कि शराब सप्लाई कहां होनी थी और इस पूरे अवैध कारोबार के पीछे कौन-कौन लोग सक्रिय हैं। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे नेटवर्क और आरोपियों के संपर्कों की भी पड़ताल की जाएगी।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सौम्या जैन ने बताया कि न्यायालय ने दोनों आरोपियों की सात दिन की पुलिस रिमांड मंजूर की है। फिलहाल दोनों आरोपी कन्नौद डिवीजन में पुलिस अभिरक्षा में हैं। उनसे मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ की जाएगी। पुलिस का प्रयास है कि शराब तस्करी में शामिल अन्य आरोपियों और सहयोगियों की जानकारी जुटाकर उनके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाए।




