12 घंटे में केबल चोरी का खुलासा: औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने 4 आरोपियों को दबोचा, चोरी की पूरी केबल बरामद

क्षिप्रा के निर्माणाधीन सामुदायिक भवन से हुई थी केबल चोरी, पुलिस ने बेचने जा रहे आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ा
देवास। क्षिप्रा स्थित निर्माणाधीन सामुदायिक भवन से चोरी हुई करीब 300 फीट विद्युत केबल का औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया।
पुलिस ने चोरी की केबल बेचने जा रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से शत-प्रतिशत चोरी का माल बरामद कर लिया। त्वरित कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देशन में जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं चोरी के मामलों के त्वरित निराकरण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) गजेंद्र सिंह वर्धमान के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के निर्देशन में थाना औद्योगिक क्षेत्र प्रभारी निरीक्षक शशिकांत चौरसिया के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने इस मामले में तेजी से कार्रवाई की।
फरियादी छोटेलाल गेरवाल, सचिव ग्राम पंचायत क्षिप्रा ने थाना औद्योगिक क्षेत्र में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि क्षिप्रा घाट स्थित निर्माणाधीन सामुदायिक भवन में विद्युत व्यवस्था के लिए रखी लगभग 400 फीट केबल में से करीब 300 फीट केबल अज्ञात चोर चुरा ले गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। विश्वसनीय सूचना मिलने पर पुलिस ने चोरी की केबल बेचने जा रहे चार आरोपियों को धर दबोचा। आरोपियों के कब्जे से चोरी गई पूरी केबल बरामद कर ली गई। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी-
संतोष जोशी (40 वर्ष), अरुण रावत (27 वर्ष), अर्जुन उर्फ बब्लू बरगुण्डा (30 वर्ष), सुनील सोनगरा (30 वर्ष) सभी निवासी सुनवानी रोड, क्षिप्रा।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका-
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत चौरसिया, प्रधान आरक्षक मोहन वसुनिया, भारत चौधरी, आरक्षक लक्ष्मीकांत शर्मा तथा अजय जाट की सराहनीय भूमिका रही।




