क्राइम

बेकाबू कार का कहर, दो महिलाओं व बुजुर्ग को रौंदा

Share

 

महिलाओं को टक्कर मारते हुए घर के बाहर कुर्सी पर बैठे बुजुर्ग को मारी टक्कर

उदयनगर (बाबू हनवाल)। ग्राम दड़ में रविवार सुबह एक तेज रफ्तार कार ने ऐसा कहर बरपाया कि पलक झपकते ही तीन जिंदगियां खत्म हो गईं।

उदयनगर-इंदौर रोड पर बेकाबू हुई कार ने पहले दो महिलाओं को टक्कर मारी, फिर घर के बाहर कुर्सी पर बैठकर अखबार पढ़ रहे बुजुर्ग को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद कार पेड़ से जा टकराई। हादसे में दोनों महिलाओं और बुजुर्ग की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कार की तेज रफ्तार और टक्कर का दृश्य दिखाई दे रहा है।

थाना क्षेत्र के उदयनगर-इंदौर रोड पर ग्राम दड़ के समीप रविवार सुबह करीब 10.30 बजे तेज रफ्तार कार की टक्कर से तीन लोगों की मौत हो गई। कार की रफ्तार इतनी अधिक थी कि वह दो महिलाओं व घर के बाहर बैठकर पेपर पढ़ रहे बुजुर्ग को टक्कर मारती हुई कार पेड़ से टकराई। जानकारी के अनुसार इंदौर के रेसकोर्स रोड क्षेत्र से रविवार को पिकनिक मनाने के लिए अक्सर लोग आते रहते हैं। कार सवार ग्राम दड़ से गुजर रहे थे। बताया जा रहा है कि अचानक कार सवार का स्टेयरिंग से कंट्रोल हट गया और कार असंतुलित हो गई।

इस दौरान ग्राम दड़ जूनापानी निवासी 80 वर्षीय शंकर पिता मोहन मंडलोई घर के बाहर कुर्सी पर बैठे थे। 40 वर्षीय मनीबाई पति घनश्याम सोलंकी और देवनालिया निवासी 45 वर्षीय जमुनाबाई पति सोहन खड़ी थीं। सुबह करीब 10:30 बजे अचानक कार क्रमांक एमपी 09 डीए 2727 ने पहले दोनों महिलाओं को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद कुर्सी पर बैठे बुजुर्ग को चपेट में लेते हुए पेड़ से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के दौरान दो लोग और मौजूद थे, लेकिन उन्हें साइड में कर लिया गया।

परिजन इन्हें प्राइवेट अस्पताल में उपचार के लिए ले गए, लेकिन उनकी मौत हो गई। आसपास के लोगों ने कार चालक धर्मेंद्र को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी कार चालक को हिरासत में ले लिया है। उसे पुलिस वाहन में बैठाकर थाना ले जाया गया। बागली में तीन का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों के सुपुर्द किया। वहां चालक धर्मेंद्र जैन को चोट लगने के कारण उपचार के लिए बागली से रैफर किया।

Back to top button