भवानी सागर में चल रहा था जुआ, मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पांच आरोपी पकड़े
छत से भागते दिखे लोग, कार्रवाई के दौरान मौके पर जुटी भीड़ का वीडियो आया सामने

देवास। शहर के भवानी सागर क्षेत्र में शुक्रवार शाम उस समय हलचल मच गई, जब जुआ खेलने की सूचना पर पुलिस ने एक मकान पर दबिश दी। नाहर दरवाजा थाना पुलिस ने मौके से पांच लोगों को पकड़ा। कार्रवाई के बाद पुलिस जब आरोपी को लेकर जाने लगी, तो कुछ लोगों मारपीट करने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस ने बीच-बचाव कर भीड़ से अलग किया और आरोपी को थाने ले गई।
जानकारी के अनुसार, नाहर दरवाजा थाना पुलिस को मुखबिर से भवानी सागर स्थित एक घर में जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद थाना प्रभारी आलोक सोनी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापा मारा। पुलिस ने संबंधित मकान के साथ आसपास के अन्य घरों में भी सर्चिंग की। इस दौरान पांच लोगों को जुआ खेलने के आरोप में पकड़ा गया।
कार्रवाई के दौरान मची हलचल, सीसीटीवी फुटेज आया सामने-
पुलिस की कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में हलचल की स्थिति बन गई। लोगों में गुस्सा भी नजर आया। एक आरोपी के साथ मारपीट की कोशिश भी की गई, लेकिन पुलिस ने स्थिति संभालते हुए उसे लोगों से अलग किया और अपने साथ थाने ले गई। इस घटनाक्रम से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें कुछ लोग एक मकान की छत से भागते हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, फुटेज में नजर आ रहे लोगों की पहचान और उनके भागने की वजह की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। मामले में पुलिस जांच कर रही है।
जुए के खिलाफ लगातार कार्रवाई-
गौरतलब है कि नवरात्रि के दौरान भी देवास में पुलिस ने जुआ खेलने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को पकड़ा था। अब भवानी सागर जैसे रिहायशी इलाके में जुआ खेलने की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस की जांच के बाद ही मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



