प्रशासनिक

देवास में पटाखा दुकानों पर बड़ी कार्रवाई: आधा दर्जन से अधिक दुकानें और गोदाम सील, कई जगह मिली भारी लापरवाही

Share

 

– टोंककलां हादसे के बाद प्रशासन सख्त, सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों पर चला शिकंजा

देवास। टोंककलां के पास हुई भीषण पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट की घटना के बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में पटाखा दुकानों व गोदामों की सघन जांच अभियान चलाया गया, जिसमें कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चली कार्रवाई में आधा दर्जन से अधिक दुकानों और गोदामों को सील कर दिया गया।

जांच के दौरान टीमों ने सुरक्षा मानकों, लाइसेंस, फायर फिटनेस, इलेक्ट्रिक फिटनेस और स्टॉक रजिस्टर जैसे दस्तावेजों की बारीकी से जांच की। कई दुकानों पर नियमों का खुला उल्लंघन मिलने के बाद प्रशासन ने तत्काल सीलिंग की कार्रवाई की।

तहसीलदार सपना शर्मा ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में अलग-अलग टीमें गठित की गई थीं। जहां भी कमियां पाई गईं, वहां सख्त कार्रवाई की गई।

नायब तहसीलदार पूजा भाटी ने शहर की तीन दुकानों का निरीक्षण किया। इनमें से एक दुकान घनी आबादी वाले क्षेत्र में संचालित हो रही थी और उसके सामने बिजली की डीपी लगी हुई थी, जिससे बड़े हादसे का खतरा बना हुआ था। टीम ने तुरंत दुकान को बंद करवाया। वहीं दो अन्य दुकानों के लाइसेंस नवीनीकृत पाए गए और वहां कोई आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली।

ग्रामीण क्षेत्र के गद्दूखेड़ी इलाके में भी जांच अभियान चलाया गया। दूसरी ओर नायब तहसीलदार कपिल गुर्जर ने शिप्रा क्षेत्र स्थित चारभुजा पटाखा दुकान पर कार्रवाई की। जांच में दुकान से स्टॉक रजिस्टर, इलेक्ट्रिक फिटनेस, फायर फिटनेस और बिल्डिंग फिटनेस से जुड़े जरूरी दस्तावेज नहीं मिले। साथ ही बिना लेबल वाले पटाखे भी बरामद किए गए, जिसके बाद दुकान को सील कर दिया गया।

एक अन्य दुकान की जांच में यह भी सामने आया कि दुकान संचालक के पास दुकान और गोदाम दोनों के लाइसेंस थे, लेकिन परिसर में भारी मात्रा में भूसा भरा हुआ पाया गया। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए टीम ने संबंधित लाइसेंस निरस्त करने के लिए प्रतिवेदन भेज दिया है।

➡️ यह भी पढ़ें: देवास के टोंककला में पटाखा फैक्ट्री में आग लगने से 3 मजदूरों की मौत, 15 से अधिक घायल; नाबालिगों से भी कराया जा रहा था जोखिम भरा काम।
➡️ संबंधित खबर: टोंकखुर्द पटाखा फैक्ट्री विस्फोट प्रकरण में राज्य शासन की सख्त कार्रवाई, पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारी निलंबित।
➡️ यह खबर भी देखें: टोंककला में घटित घटना की जांच के लिए विशेष दल गठित।
➡️ इसे भी पढ़ें: कलेक्टर ने आरोपी अनिल मालवीय एवं आजास खान पर एनएसए के तहत कार्रवाई करते हुए केंद्रीय जेल भेरूगढ़ उज्जैन भेजा।

Back to top button