क्राइम

ऑपरेशन प्रहार: पुलिस का नशे के सौदागरों पर बड़ा प्रहार जारी, आरोपी गिरफ्तार

पुलिस की दबिश में पकड़ा गया गांजा तस्करी का आरोपी, 1.5 किलो गांजा जब्त

Share

 

बागली (हीरालाल गोस्वामी)। युवा पीढ़ी को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले अवैध मादक पदार्थों के कारोबारियों के खिलाफ देवास पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के एक मामले का खुलासा किया है। थाना बागली की संयुक्त पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश देकर 55 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से 1 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 15 हजार रुपये बताई गई है।

मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों से मिली सफलता
जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक द्वारा ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत सभी थाना प्रभारियों को लगातार सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के पालन में थाना बागली क्षेत्र की संयुक्त पुलिस टीम ने भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर गांजा तस्करी में संलिप्त आरोपी की जानकारी जुटाई।

कांटाफोड़ रोड पर दी दबिश
पुलिस टीम ने 6 नवंबर को सावरिया तौल कांटे के आगे, बयड़ीपुरा नाले के सामने, कांटाफोड़ रोड पर पुंजापुरा के पास दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने अमरसिंह पंवार (55 वर्ष), निवासी पुंजापुरा को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 1 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसे विधिवत जब्त कर लिया गया। पुलिस ने जब्त गांजे की कीमत 15 हजार रुपये आंकी है। आरोपी के विरुद्ध धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस का कहना है कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नशे के कारोबारियों के विरुद्ध ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। देवास पुलिस आमजन से अपील करती है कि नशे के अवैध कारोबार से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाना अथवा डायल-112 पर दें। नशामुक्त एवं अपराधमुक्त समाज के निर्माण में पुलिस का सहयोग करें।

सराहनीय कार्य- उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी योगेंद्रसिंह जादौन, उप निरीक्षक हरिशंकर गोदार, सहायक उप निरीक्षक मनोज शर्मा, प्रधान आरक्षक रामप्रतापसिंह चौहान, आरक्षक विशाल चंद्रवंशी, आरक्षक सोहन पैकरा, सुलोचना पंवार, प्रधान आरक्षक अरुण चौहान, आरक्षक महेश सिसौदिया की सराहनीय भूमिका रही।

Back to top button