
देवास। शहर की सुरक्षा व्यवस्था को समझने और पुलिस की मैदानी तैयारियों का जायजा लेने के लिए नवागत एसपी आदित्य मिश्रा लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र एमजी रोड का निरीक्षण किया।
व्यापारियों से चर्चा कर बाजार की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की जानकारी ली। इसके बाद सिटी कोतवाली पहुंचकर थाने की कार्यप्रणाली से लेकर सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था तक का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण की शुरुआत एसपी आदित्य मिश्रा ने शहर के प्रमुख बाजार एमजी रोड से की। यहां उन्होंने व्यापारियों से बातचीत कर बाजार की मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था, यातायात की स्थिति और भीड़ प्रबंधन के संबंध में जानकारी ली। बाजार में आने-जाने वाले लोगों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
सिटी कोतवाली में रिकॉर्ड और कार्यप्रणाली की पड़ताल
एमजी रोड के निरीक्षण के बाद एसपी सीधे सिटी कोतवाली थाने पहुंचे। यहां उन्होंने थाने की कार्यप्रणाली, पुलिस रिकॉर्ड और पुलिसकर्मियों से जुड़ी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने थाने में उपलब्ध संसाधनों और व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न पहलुओं को परखा।
सीसीटीवी कैमरों की जानकारी ली
निरीक्षण के दौरान एसपी ने सिटी कोतवाली क्षेत्र में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने अधिकारियों से जानकारी ली कि शहर में कैमरे कहां-कहां लगाए गए हैं, कितने कैमरे सक्रिय हैं और अपराधों की निगरानी एवं रोकथाम में उनका किस तरह उपयोग किया जा रहा है।
एसपी ने शहर में सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था विकसित करने वाले पूर्व अधिकारियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरे अपराधों की रोकथाम, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और घटनाओं की जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रभावी निगरानी व्यवस्था से पुलिस को अपराध नियंत्रण में काफी मदद मिलती है।
रिपोर्ट: ओमप्रकाश सेन




