क्राइम

रिहायशी मकान में पटाखों का अवैध गोदाम! प्रशासन की दबिश में 10 लाख से अधिक के पटाखे जब्त

Share

देवास। दीपावली के त्योहार पर जहां बाजारों में पटाखों की खरीदारी का दौर चल रहा है, वहीं रिहायशी इलाकों में पटाखों का अवैध भंडारण भी लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है।

इसी बीच प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने चंद्र तारा कॉलोनी स्थित एक मकान पर दबिश देकर 10 लाख रुपए से अधिक कीमत के पटाखे जब्त किए हैं। मकान में अलग-अलग 87 प्रकार के पटाखों के कुल 21 कार्टन रखे मिले।

मुखबिर की सूचना पर दी दबिश-
जानकारी के अनुसार, 4 नवंबर को प्रशासन को सूचना मिली थी कि चंद्रतारा कॉलोनी स्थित एक मकान में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण किया जा रहा है। सूचना मिलते ही कार्यपालिक मजिस्ट्रेट और थाना प्रभारी के नेतृत्व में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और मकान पर दबिश दी। यहां तलाशी के दौरान 87 विभिन्न प्रकार के पटाखों के कुल 21 कार्टन मिले।

10 लाख 558 रुपए के पटाखे जब्त-
कार्रवाई के दौरान रजत अग्रवाल के मकान से मिले पटाखों की अनुमानित कीमत 10 लाख 558 रुपए आंकी गई है। पुलिस ने सभी पटाखों को जब्त कर आरोपी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया है। मामले को विवेचना में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

रिहायशी इलाकों में भंडारण से हादसे का खतरा-
पटाखे ज्वलनशील एवं विस्फोटक प्रकृति के होते हैं। ऐसे में यदि बड़ी मात्रा में इनका भंडारण रिहायशी इलाके में किया जाए तो आग लगने या विस्फोट जैसी घटना आसपास रहने वाले परिवारों के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। प्रशासन द्वारा जिले में पटाखों के अवैध भंडारण और बिक्री पर निगरानी रखी जा रही है। लाइसेंस की शर्तों, निर्धारित भंडारण क्षमता और अग्नि सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।

प्रशासन की आमजन से अपील-
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि यदि आसपास किसी मकान या रहवासी क्षेत्र में पटाखों का अवैध भंडारण दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम या डायल-112 पर दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

Back to top button