सतपुड़ा एकेडमी के समर कैंप में निखर रही बच्चों की प्रतिभा, 35 स्कूलों के 400 से अधिक विद्यार्थी ले रहे प्रशिक्षण
जिला खेल अधिकारी ने कहा- समर कैंप बच्चों के सर्वांगीण विकास का मजबूत माध्यम

देवास। मक्सी रोड पर तुलजा विहार कॉलोनी स्थित सतपुड़ा एकेडमी द्वारा ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान समर कैंप का आयोजन सफलता पूर्वक किया जा रहा है।
समर कैम्प में शहर के 35 से अधिक विभिन्न विद्यालयों के 400 से अधिक बच्चों को नृत्य, म्यूजिक, चित्रांकन, आर्ट्स एंड क्राप्ट, स्केटिंग, मार्शल आर्ट, योग, क्रिकेट, फुटबॉल, साप्टबाल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, शतरंज, बॉक्सिंग, सिलाई कढ़ाई, ज्वैलरी मेकिंग सहित विभिन्न कलाओं का योग्य प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

जिला खेल अधिकारी सुश्री सेना गडरिया, जिला खेल समन्वय अधिकारी जावेद पठान, समाजसेवी मनीष जैन ने समर कैम्प में चल रही विभिन्न विधाओं का अवलोकन कर बच्चों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सुश्री गडरिया ने बच्चों को मार्गदर्शन देते हुए कहा, कि इस प्रकार के शिविर बच्चों को आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर करने के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं। संस्था सतपुड़ा एकेडमी में अनुशासन के साथ संस्कारित वातावरण में बच्चों को विभिन्न कलाओं एवं खेल विधाओं का प्रशिक्षण दिया जा रहा जो सराहनीय है।
इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी ने समर कैंप में भाग ले रहे प्रतिभागियों से व्यक्तिगत रूप से संवाद किया और उनके प्रशिक्षण की जानकारी ली।

समाजसेवी श्री जैन (कायथा वाला) ने कहा, कि ऐसे शिविर न केवल विद्यार्थियों की रूचियों को पहचानने में सहायक होते हैं, बल्कि उन्हें अनुशासन, समय प्रबंधन और आत्मविश्वास भी सिखाते हैं। उन्होंने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती है और आने वाली पीढ़ी को मजबूत आधार प्रदान करती है।

इस अवसर पर अतिथियों का स्वागत संस्था संचालक भानुप्रतापसिंह सेंधव, प्राचार्य वीएस जाब ने स्मृति चिन्ह, पुष्पगुच्छ, श्रीफल भेंट कर किया। कार्यकम का संचालन दिनेश सांखला ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में विद्यार्थीगण, स्कूली स्टाफ उपस्थित था।
➡️ सतपुड़ा एकेडमी की ये खबरें भी पढ़ें:
🔹 सतपुड़ा एकेडमी की पहल: ‘हर घर सकोरा’ अभियान से बच्चों ने लिया पक्षियों की प्यास बुझाने का संकल्प
🔹 खेलो राम जी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सतपुड़ा एकेडमी के विद्यार्थियों का हुआ चयन
🔹 खेलो एमपी यूथ गेम्स प्रतियोगिता में सतपुड़ा एकेडमी को मिली सफलता
🔹 सांसद खेल महोत्सव में सतपुड़ा एकेडमी का शानदार प्रदर्शन




