प्रशासनिकस्पोर्टस

जिला स्तरीय ‘राष्ट्रीय युवा उत्सव के लिए करें आवेदन

विजेताओं को मिलेगा संभाग स्तर पर जिले का प्रतिनिधित्व करने का मौका

Share

 

”नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” थीम पर आयोजित होंगी सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं

देवास। जिले के प्रतिभावान युवाओं को अपनी कला और संस्कृति का प्रदर्शन करने के लिए एक शानदार मंच मिलने जा रहा है। जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन में भाग लेने के लिए जिले में 22 अक्‍टूबर तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

इस वर्ष युवा उत्सव की समस्त सांस्कृतिक गतिविधियां ’’नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’’ की बेहद महत्वपूर्ण थीम पर आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिताओं में भाग लेने के इच्छुक युवा एवं कला दल 22 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कार्यालय जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग, कुशाभाऊ ठाकरे स्टेडियम, विकास नगर, देवास में व्यक्तिगत रूप से जमा कर सकते हैं। इसके साथ ही शासन के नियमानुसार सभी प्रतिभागियों का माय भारत पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीयन होना अनिवार्य है। नियमों के तहत कोई भी एक प्रतिभागी केवल एक ही विधा में भाग लेने के लिए पात्र होगा।

खेल और युवा कल्याण विभाग द्वारा जिला स्तर पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं में युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए विभिन्न सांस्कृतिक विधाओं को शामिल किया गया है। इसके तहत समूह लोकनृत्य, समूह लोकगीत, पेंटिंग, कविता लेखन, नुक्कड़ नाटक विधाएं आयोजित होंगी।

खेल अधिकारी ने बताया कि जिला स्तर पर आयोजित इन प्रतियोगिताओं में प्रत्येक विधा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले चयनित विजेता युवा अथवा कला दल को आगामी संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा, जहां वे देवास जिले का गौरव बढ़ाते हुए जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने देवास जिले के सभी महाविद्यालयों, शैक्षणिक संस्थाओं और स्थानीय कला दलों के युवाओं से अपील की है कि वे इस राष्ट्रीय स्तर के उत्सव में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करें।

Back to top button