शिक्षा

सतपुड़ा एकेडमी की पहल: ‘हर घर सकोरा’ अभियान से बच्चों ने लिया पक्षियों की प्यास बुझाने का संकल्प

Share

 

विश्व पृथ्वी दिवस पर मातृभूमि का पूजन कर पौधा रोपा

देवास। बढ़ती गर्मी के बीच एक प्रेरणादायक पहल सामने आई है, जहां सतपुड़ा एकेडमी ने विद्यार्थियों के माध्यम से समाज को संवेदनशील संदेश दिया। ‘हर घर सकोरा’ अभियान के तहत बच्चों को मिट्टी के सकोरे वितरित कर न केवल पर्यावरण संरक्षण का पाठ पढ़ाया, बल्कि प्यासे पक्षियों के लिए जीवनदायिनी व्यवस्था करने का संकल्प भी दिलाया।

ग्रीष्म ऋतु बेजुबान पक्षियों के लिए बेहद कठिन हो जाती है। इसी संवेदनशील विषय को ध्यान में रखते हुए मक्सी रोड स्थित तुलजा विहार कॉलोनी की सतपुड़ा एकेडमी में सकोरा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार ने कहा, कि गर्मी के मौसम में जल की कमी सिर्फ मनुष्यों ही नहीं, बल्कि पशु-पक्षियों के लिए भी संकट बन जाती है। ऐसे में छोटी-छोटी पहल, जैसे सकोरों में पानी भरकर रखना, उनके जीवन को बचाने का माध्यम बन सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने घरों की छत, बालकनी और आंगन में पानी की व्यवस्था अवश्य करें।

वैभव विहार शिक्षा समिति अध्यक्ष एवं भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. रायसिंह सैंधव ने अपने संबोधन में कहा, कि प्रकृति और जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता ही सच्ची मानवता की पहचान है। सतपुड़ा एकेडमी द्वारा बच्चों में यह संस्कार विकसित करना अत्यंत सराहनीय है। आज जरूरत है कि हम केवल अपने लिए ही नहीं, बल्कि उन पक्षियों के लिए भी सोचें, जो हमारी थोड़ी सी मदद से जीवन पा सकते हैं। यदि हर घर में एक सकोरा पानी से भरा हो, तो गर्मी में हजारों पक्षियों की प्यास बुझाई जा सकती है।
उन्होंने आगे कहा कि इस तरह के प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव लाते हैं और नई पीढ़ी को जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं।

संस्था संचालक भानूप्रतापसिंह सेंधव ने बताया कि यह आयोजन हर वर्ष किया जाता है। इस बार विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों को सकोरे वितरित कर उन्हें पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनाया गया। साथ ही बच्चों को यह संदेश दिया गया कि वे खुद भी सकोरे लगाए और अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर निगम आयुक्त, भाजपा जिला अध्यक्ष ने विद्यार्थियों के साथ मातृभूमि का पूजन अर्चन कर पौधा रोपा। पर्यावरण संरक्षण एवं धरती को हरा भरा बनाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर शिक्षिका कंचन शुक्ला ने भूख प्यास से तड़पते हुए पक्षियों की अंतरात्मा के दर्द को बया करते हुए एक गीत प्रस्तुत किया। अतिथियों का स्वागत संस्था संचालक भानुप्रतापसिंह सेंधव, प्राचार्य वीएस जाब, उपप्राचार्य रश्मि रधुवंशी ने पुष्पगुच्छ, श्रीफल, स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।

अतिथि परिचय मीडिया प्रभारी दिनेश सांखला ने दिया। कार्यक्रम में शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर यह संकल्प लिया कि वे अपने घरों में सकोरे लगाकर पक्षियों के लिए नियमित पानी की व्यवस्था करेंगे और इस संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएंगे। सीबीएसई कक्षा 10वीं में उच्च अंक प्राप्त कर प्रवीण्य सूची में स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों ने सम्मानित किया।

 

Back to top button