खेलो एमपी यूथ गेम्स प्रतियोगिता में सतपुड़ा एकेडमी को मिली सफलता

– जिला स्तरीय बालक वर्ग प्रतियोगिता में देवास की टीम प्रथम
देवास (दिनेश सांखला)। शहर में आयोजित खेलो एमपी यूथ गेम्स प्रतियोगिता तुकोजीराव पवार स्टेडियम में आयोजित की गई। इसमें फुटबॉल बालक वर्ग की जिला स्तरीय प्रतियोगिता में देवास के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया।
रोमांचक मुकाबलों से सजी इस प्रतियोगिता में कई विद्यालयों की टीमों ने सहभागिता की, लेकिन सतपुड़ा एकेडमी स्कूल देवास ने अपने सधे हुए खेल, टीमवर्क और अनुशासन के बल पर प्रथम स्थान हासिल कर खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता के दौरान सतपुड़ा एकेडमी के खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। तेज पासिंग, मजबूत डिफेंस और गोल पर सटीक निशाने ने टीम को लगातार बढ़त दिलाई। फाइनल मुकाबले में भी खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल और आत्मविश्वास के साथ खेलते हुए निर्णायक जीत दर्ज की। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ टीम का उत्साहवर्धन किया।
टीम की इस उपलब्धि पर संस्था संचालक रायसिंह सेंधव, संस्था प्रबंधक भानुप्रतापसिंह सेंधव, प्राचार्य वीएस जॉब एवं कोच रविंद्र बिष्ट ने खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास करता है, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व और टीम भावना भी सिखाता है। सभी ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।




