धर्म-अध्यात्म

माघ पूर्णिमा पर नर्मदा तट पर उमड़ा आस्था का महासागर

Share

 

– हजारों श्रद्धालुओं ने मां नर्मदा से सुख-शांति और समृद्धि की कामना करते हुए किया पुण्य स्नान

नेमावर (संतोष शर्मा)। माघ माह की पावन पूर्णिमा पर मां नर्मदा का तट श्रद्धा, भक्ति और पुण्य की अद्भुत छटा से सराबोर हो उठा। सुबह से ही हजारों नर्मदा भक्तों ने मां के पवित्र जल में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ प्राप्त किया और बाबा सिद्धनाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक कर सुख, समृद्धि, धन-धान्य एवं परिवार की मंगल कामना की।

दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालु, पैदल यात्रियों में दिखा विशेष उत्साह-
माघ पूर्णिमा के पावन स्नान हेतु देवास, हरदा, सीहोर, बैतूल, शाजापुर, आगर मालवा, इंदौर सहित आसपास के अनेक जिलों से सैकड़ों श्रद्धालु वाहनों एवं पैदल यात्रा नर्मदा तट नेमावर पहुंचे। पर्व स्नान की पूर्व संध्या शनिवार को ही भक्तों का आगमन शुरू हो गया था। श्रद्धालुओं ने मां नर्मदा की पावन भूमि पर रात्रि विश्राम कर संध्या काल में दीपदान किया।

भजन-कीर्तन और रात्रि जागरण से गुंजायमान हुआ नर्मदा तट-
शनिवार की रात नर्मदा तट पर भजन-कीर्तन और रात्रि जागरण का आयोजन हुआ। मां नर्मदा और बाबा सिद्धनाथ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालु पूरी रात भक्ति में लीन रहे और प्रभात काल की प्रतीक्षा करते रहे।

प्रातः स्नान, भस्म आरती और पुष्प श्रृंगार के दिव्य दर्शन किए-
प्रातःकाल भक्तों ने नर्मदा स्नान कर बाबा सिद्धनाथ की भस्म आरती एवं पुष्प श्रृंगार के दिव्य दर्शन किए। दर्शन के पश्चात श्रद्धालु गर्भगृह में पहुंचकर जलाभिषेक करते नजर आए। जलाभिषेक के बाद ब्राह्मणों को दान-दक्षिणा अर्पित कर आशीर्वाद लिया गया।

दान-पुण्य में आगे रहे श्रद्धालु-
पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं ने नर्मदा तट पर बैठे जरूरतमंदों को अन्न, वस्त्र, पका भोजन, फल आदि का दान कर मानव सेवा का परिचय दिया।

मंदिर में उमड़ी भक्तों की भीड़, दोपहर तक लगी रही कतार-
भस्म आरती और पुष्प श्रृंगार दर्शन के साथ ही मंदिर प्रांगण में श्रद्धालुओं की लंबी कतार लग गई, जो दोपहर तक बनी रही। श्रद्धालुओं ने धैर्य और अनुशासन के साथ भगवान के दर्शन कर स्वयं को धन्य महसूस किया।

घाटों पर रही चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था-
माघ पूर्णिमा पर्व स्नान को देखते हुए स्थानीय पुलिस प्रशासन एवं अन्य थानों से आए पुलिस बल द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। सभी स्नान घाटों पर नावों के माध्यम से तैराक दल तैनात रहा, ताकि किसी भी अप्रिय घटना या दुर्घटना पर तुरंत नियंत्रण किया जा सके।

सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान-
वहीं नगर प्रशासन अध्यक्ष कृष्ण गोपाल अग्रवाल, सीएमओ आनंदीलाल वर्मा तथा सफाई कर्मियों की टीम द्वारा घाटों पर विशेष सफाई व्यवस्था की गई, जिससे स्नान करने आए श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई।

Back to top button