इंदौर

ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व के गोपाल मंदिर का मुख्यमंत्री ने किया औचक निरीक्षण

Share

 

– मंदिर परिसर में नवनिर्मित सभागृह होगा गीता भवन के रूप में

– आगामी एक दिसम्बर को गीता जयंती पर किया जाएगा जनता को समर्पित

इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को इंदौर के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व के गोपाल मंदिर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने विकास कार्यों का जायजा भी लिया।

उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर में नवनिर्मित सभागृह को “गीता भवन” के रूप में विकसित किया गया है। यह विशाल और सांस्कृतिक रूप से महत्वपूर्ण सभागृह गीता जयंती के अवसर पर एक दिसंबर को जनता को समर्पित किया जाएगा। यह सभागृह 500 सीट का रहेगा। इसमें सभी अत्याधुनिक सुविधाएं रहेंगी। यह सभागृह धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व का केन्द्र बनेगा।

औचक निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गोपाल मंदिर में पूजा-अर्चना की तथा वहाँ मौजूद नागरिकों से संवाद किया। उन्होंने बच्चों को स्नेहपूर्वक दुलार किया और आसपास के दुकानदारों से भी चर्चा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पूरे मंदिर परिसर में चल रहे विकास कार्यों और जीर्णोद्धार के कार्यों को देखा। उन्होंने निर्देश दिए कि मंदिर को अपने प्राचीन तथा गौरवशाली स्वरूप में पुर्नस्थापित किया जाए। आमजन के लिए अधिक से अधिक सुविधाएं जुटाई जाए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश शासन द्वारा निर्णय लिया गया है कि गीता जयंती पर पूरे मध्यप्रदेश में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, और हर जिले में गीता भवन विकसित किए जाएंगे ताकि धार्मिक, सांस्कृतिक और अध्यात्मिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव को कलेक्टर शिवम वर्मा और नगर निगम आयुक्त दिलीप कुमार यादव ने गोपाल मंदिर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी भी प्रस्तुत की। निरीक्षण के दौरान जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, विधायक मालिनी लक्ष्मण सिंह गौड़, पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह, कलेक्टर शिवम वर्मा, नगर निगम आयुक्त दिलीप कुमार यादव, स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अर्थ जैन एवं सुमित मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल थे।

इंदौर के प्रसिद्ध पोहे का लिया जायका-
मुख्यमंत्री डॉ. यादव इसके पश्चात राजवाड़ा के एक रेस्टोरेंट में रूके, यहां उन्होंने आमजन से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने इंदौर के प्रसिद्ध पोहे का जायका भी लिया।

Back to top button