क्राइम

छज्जा गिरने से घर के बाहर बैठे रिटायर्ड डीएसपी की मलबे में दबने से दर्दनाक मौत

Share

 

देवास। शहर के विजयनगर क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक ऐसा हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। यहां एक मकान का छज्जा गिरने से रिटायर्ड डीएसपी की दर्दनाक मौत हो गई। वे घर के बरामदे में बैठे थे, तभी यह हादसा हो गया। मकान लगभग 40 साल पुराना बताया जा रहा है। घटना के बाद कलेक्टर भी मौके पर पहुंचे व निरीक्षण किया।

Hs rana

जानकारी के अनुसार 82 वर्षीय सेवानिवृत्त डीएसपी हिम्मतसिंह राणा अपने घर के बाहर कुर्सी पर बैठकर अखबार पढ़ रहे थे। इस दौरान अचानक मकान का छज्जा भरभराकर उन पर गिरा और वे उसके नीचे दब गए। सूचना मिलते ही पुलिस दल पहुंचा और मलबा हटाकर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ऋतुराज सिंह भी कुछ देर बाद मौके पर पहुंचे और पूरी स्थिति का जायजा लिया।

परिजनों ने बताया कि राणा करीब 20 वर्ष पहले डीएसपी पद से रिटायर हुए थे। हाउसिंग बोर्ड के इस पुराने मकान में वे परिवार के साथ रहते थे। हादसे के समय उनकी पत्नी कमला, बेटी प्रीति और नातिन घर में मौजूद थीं। राणा बरामदे में शांति से अखबार पढ़ रहे थे, लेकिन इस दौरान छज्जा गिर गया। इसका मलबा बहुत अधिक था।

dewas collector

स्थानीय निवासी दिग्विजयसिंह झाला ने बताया कि मकान पुराना जरूर था, पर उसकी स्थिति सामान्य थी। छज्जा क्यों गिरा, यह स्पष्ट नहीं है। छज्जा गिरने की सूचना लगते ही बड़ी संख्या में आसपास के लोग एकत्रित हो गए। पुलिस प्रशासन के साथ ही नगर निगम का अमला भी घटना स्थल पर पहुंचा। इधर कलेक्टर ऋतुराजसिंह ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि मकान में छज्जा बाद में बनाया गया था। उसके नीचे पीलर भी नहीं रखी थी। छज्जा सड़ने के कारण यह टूटकर गिरा है। जिला प्रशासन परिवार के साथ है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीरसिंह भदौरिया ने बताया कि मकान का छज्जा अचानक से गिरा है। यह क्यों गिरा इसकी जांच की जा रही है।

इस घटना की जानकारी लगते ही महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि यह दुखद घटनाक्रम हुआ है। रिटायर्ड डीएसपी घर के बरामदे में छज्जे के नीचे बैठकर समाचार पत्र पढ़ रहे थे। यह हृदयविदारक घटना है। नगर निगम पुराने जर्जर मकान को तोड़ने के लिए नोटिस देती है, लेकिन यह मकान उस श्रेणी में नहीं था। मेरा शहरवासियों से यही कहना है कि हमारे घर-दुकान में कुछ जर्जर नजर आ रहा है तो उनकी मरम्मत करवाएं। निर्माण कार्य के दौरान विशेष ध्यान रखे।

Back to top button