बरदू में हर्षोल्लास से मनाया दीपावली पर्व

गोवर्धन पूजा: प्रकृति और गौ-सेवा का संदेश देने वाला पावन पर्व
टोंकखुर्द। ग्राम बरदू में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी दीपावली का पर्व किसानों ने बड़े हर्ष और उल्लास के साथ मनाया। दीपावली के अगले दिन मनाया जाने वाला गोवर्धन पूजा पर्व, भारतीय संस्कृति का एक अत्यंत महत्वपूर्ण और पावन पर्व है। इसे अन्नकूट उत्सव भी कहा जाता है।
यह पर्व न केवल धार्मिक दृष्टि से बल्कि पर्यावरण संरक्षण, पशुपालन और प्रकृति सेवा के भाव से भी जुड़ा हुआ है। परंपरा के अनुसार, गोवर्धन पूजा के बाद अन्नकूट प्रसाद तैयार किया जाता है, फिर उसके चारों ओर दीपक जलाए जाते हैं और गौ माता की पूजा-अर्चना एवं आरती की जाती है।

गांवों में इस अवसर पर गायों को नहलाया जाता है, फूलों की माला पहनाई जाती है और उन्हें स्वादिष्ट भोजन खिलाकर कृतज्ञता व्यक्त की जाती है। इसके बाद किसानों द्वारा गौ माता को छावड़ा खिलाने की परंपरा निभाई जाती है।

ग्राम बरदू में पत्रकार विजेंद्र सिंह ठाकुर ने अपने निवास पर गोवर्धन पूजा का आयोजन किया। इस अवसर पर उनके घर गायों की पूजा भाई भंवर सिंह (पिता विक्रम सिंह पटेल), कुंवर चित्रांश सिंह ठाकुर, आदित्य सिंह ठाकुर तथा अर्जुन सिंह (पिता मान सिंह ठाकुर) द्वारा की गई। पूजा के उपरांत पत्रकार विजेंद्र सिंह ठाकुर ने गांव के मित्रों संग मिलकर गायों को छावड़ा खिलाया और दीपावली पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाया।




