देवास

धनतेरस पर बाजार में उमड़ी भीड़: चांदी-सोना के भाव रिकॉर्ड स्तर पर, फिर भी ग्राहकों में रहा उत्साह

Share

 

देवास। धनतेरस पर शहर के बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिली। सुबह से ही लोगों ने खरीदारी शुरू कर दी। सराफा, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स और वाहन शोरूम में दिनभर ग्राहकों की भीड़ लगी रही। मुख्य बाजार एमजी रोड, सराफा, एबी रोड और स्टेशन रोड पर लोगों की ऐसी चहल-पहल रही मानो पूरा शहर खरीदारी के लिए उमड़ पड़ा हो।

धनतेरस पर सोना, चांदी और बर्तन खरीदना शुभ माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन भगवान धन्वंतरि और कुबेर देव की पूजा से घर में सुख-समृद्धि आती है। इसी आस्था के चलते देवास में भी सुबह से रात तक बाजार गुलजार रहे। सराफा बाजार में चांदी के सिक्के, कुबेर-लक्ष्मी नोट और डिजाइनर ज्वेलरी की खूब बिक्री हुई।

सोना-चांदी के भाव रिकॉर्ड पर, फिर भी खरीदारों की कमी नहीं-
सराफा बाजार में इस बार सोना और चांदी दोनों के दाम रिकॉर्ड स्तर पर रहे। सोने के बढ़े भावों के बावजूद ग्राहकों का उत्साह कम नहीं हुआ। सराफा व्यापारी संजय जैन ने बताया “धनतेरस पर इस बार भी शानदार ग्राहकी रही। चांदी के सिक्के, नोट और छोटे आभूषणों की विशेष मांग रही। सोने की हल्की डिजाइनर ज्वेलरी और बच्चों के लिए रिंग-पेंडेंट सेट सबसे ज्यादा बिके।”

बर्तन बाजार में भी खूब हुई खरीदारी-
धनतेरस पर बर्तन बाजार में भी दिनभर ग्राहकों की भीड़ रही। स्टील, पीतल और तांबे के बर्तनों की बिक्री सामान्य दिनों से कई गुना बढ़ गई। दुकानदारों के चेहरे पर संतोष और उत्साह झलक रहा था।

वाहन शोरूमों में भी ग्राहकी का उत्साह-
धनतेरस पर दोपहिया और चारपहिया वाहनों की भी जमकर खरीदारी हुई। वाहन एजेंसियों ने विशेष ऑफर और स्कीमें निकाली थीं, जिनका लोगों ने भरपूर लाभ उठाया। कई शोरूमों पर दिनभर ग्राहकों की आवाजाही बनी रही और नए वाहनों की डिलीवरी के साथ शंखनाद व पूजा-अर्चना का दौर चलता रहा।

मिठाइयों और गिफ्ट की दुकानों पर भी रही भीड़-
दीपावली नजदीक होने से मिठाई, सजावट, कपड़ा और गिफ्ट की दुकानों पर भी ग्राहकों का तांता लगा रहा। जगह-जगह रंग-बिरंगी झालरें, मिट्टी के दीये, इलेक्ट्रॉनिक लाइट्स और उपहार पैक बिकते नजर आए।

धनतेरस के साथ ही दीपावली की तैयारियों ने भी रफ्तार पकड़ ली है। रविवार को रूपचौदस और सोमवार को दीपावली पर्व मनाया जाएगा। शहर में हर ओर उल्लास, रोशनी और त्योहार की खुशी का माहौल है। व्यापारी वर्ग का कहना है कि इस बार त्योहार ने बाजार में नई जान डाल दी है “माहौल देखकर लगता है जैसे पूरी देवास खरीदारी के मूड में है।”

धनतेरस पर खरीदारी के प्रमुख आकर्षण:
– चांदी के सिक्के और नोट
– कुबेर-लक्ष्मी की प्रतिमाएं
– सोने की हल्की डिजाइनर ज्वेलरी
– स्टील, तांबे और पीतल के बर्तन
– दोपहिया-चारपहिया वाहन
– इलेक्ट्रॉनिक्स और गृह सज्जा की वस्तुएं

Back to top button