श्री मनकामेश्वर महादेव सावन माह के अंतिम सोमवार को निकले नगर भ्रमण पर

– शाही सवारी में उमड़ा जन सैलाब
बेहरी (हीरालाल गोस्वामी)। बेहरी के महाकाल के नाम से प्रसिद्ध श्री मनकामेश्वर महादेव की शाही सवारी नगर के प्रमुख मार्गों से धूमधाम से निकली।
श्री मनकामेश्वर महादेव विशेष श्रृंगारित शाही रथ में विराजित हुए और जनता के हाल जानने के लिए नगर भ्रमण किया। युवा बोल बम ग्रुप के नेतृत्व में शाही सवारी की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। सावन माह के अंतिम सोमवार को मनकामेश्वर महादेव परिसर को फूलों से सजाया गया। पूरा मंदिर से फूलों की खूबशू से महक उठा।

सावन मास के दौरान गांव में स्थित अति प्राचीन 300 वर्ष पूर्व के श्री महादेव मंदिर में भक्तों की भीड उमड़ी। सावन मास के अंतिम सोमवार को शाही सवारी में जन सैलाब उमड़ा। सोमवार शाम चार बजे महादेव परिसर में भोलेनाथ की विशेष आरती की गई और भोलेनाथ की जयघोष के साथ शाही सवारी नगर भ्रमण के लिए प्रारंभ हुई।
भगवान भोलेनाथ झांझ, डमरू, बाहुबली हनुमानजी, अघोरी, नर मुंड के साथ भोलेनाथ, आदिवासी लोक नृत्य, चलित झांकिया और आतिशबाजी शाही सवारी में आकर्षण का केंद्र रहे। शाही सवारी का जगह-जगह स्वागत किया गया। समाजसेवी संगठन से लेकर हर वर्ग ने जगह-जगह फूलों की बारिश की।
शाही सवारी को लेकर हर वर्ग में उत्साह-
महादेव की शाही सवारी का भक्तों को बेसब्री से इंतजाम रहता है। उज्जैन महाकाल की तर्ज पर शाही सवारी निकलती है। बच्चे हो या फिर बड़े हर वर्ग के भक्त शाही सवारी के दौरान भोलेनाथ की भक्ति में रम जाते है।
सोमवार को भगवान भोलेनाथ के जयकारों से पूरा गांव गूंज उठा। शाही सवारी शाम 4 बजे शुरू हुई, जो पूरे गांव में होते हुए वापस महादेव मंदिर परिसर पर संपन्न हुई।



