खेत-खलियान

चिया सीड की खेती बनी समृद्धि की राह

Share

किसान अनिल कटारिया ने एक एकड़ से कमाए 56 हजार रुपए

नवाचार योजना से मिली उड़ान, कम लागत में अधिक मुनाफा

देवास। खेती को फायदे का सौदा बनाकर किसानों की आमदनी बढ़ाने का सपना अब साकार होता दिख रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की किसान-हितैषी योजनाएं और नवाचार अभियानों के चलते आज परंपरागत खेती से आगे बढ़ते हुए किसान नई तकनीक और नई फसलों को अपनाकर शानदार मुनाफा कमा रहे हैं।

इसी कड़ी में देवास जिले के बागली विकासखंड के ग्राम अमोदिया निवासी किसान श्री अनिल पिता कैलाशचंद्र कटारिया ने चिया सीड की खेती कर न सिर्फ आर्थिक लाभ कमाया, बल्कि क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए भी मिसाल पेश की है।

आधुनिक खेती की नई दिशा – चिया सीड

कृषक अनिल कटारिया ने आत्मा योजना के अंतर्गत नवाचार घटक से मिली चिया सीड की किस्म को 1 एकड़ भूमि में लगाया, जो कि इस क्षेत्र में पहली बार प्रयोग के तौर पर की गई खेती थी। उन्होंने बताया कि चिया सीड की यह खेती परंपरागत गेहूं और चने से कहीं ज्यादा लाभकारी साबित हुई।

उत्पादन 1 एकड़ में 4 क्विंटल
बिक्री दर – 14,000 रुपए प्रति क्विंटल
कुल आय – 56,000 रुपए
कुल लागत – 9,500 रुपए

सरकार की योजनाएं बनीं खेती की ताकत-
कृषि विभाग, आत्मा एवं उद्यानिकी विभाग के मार्गदर्शन में किसानों को अब उन्नत पद्धति की जानकारी दी जा रही है। कलेक्टर ऋतुराज सिंह के नेतृत्व में जिले में आधुनिक खेती को प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे किसानों की आय में वास्तविक बढ़ोतरी हो रही है।

कृषक श्री कटारिया ने कहा कि वे इस नवाचार और लाभ के लिए प्रधानमंत्री श्री मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हैं, जिन्होंने किसानों के हित में योजनाएं बनाकर जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन सुनिश्चित किया।

अब चिया सीड बनेगा आमदनी का नया जरिया

इस सफलता से प्रेरित होकर अब अन्य किसान भी चिया सीड जैसी उच्च मूल्य वाली फसलों की ओर बढ़ रहे हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्र में आर्थिक सशक्तिकरण और कृषि क्षेत्र में नवाचार को नई दिशा मिल रही है।

देवास का यह उदाहरण साबित करता है कि यदि किसान नवीन तकनीक और योजनाओं का सही उपयोग करें, तो कम लागत में अधिक मुनाफा कमाया जा सकता है। यह खबर न केवल अनिल कटारिया की सफलता की कहानी है, बल्कि जिले भर के किसानों के लिए प्रेरणास्त्रोत है।

Related Articles

Back to top button