एयर गन लहराकर बनाई सोशल मीडिया रील, पुलिस ने सिखाया कानून का पाठ

“ऑपरेशन सबक” के तहत देवास पुलिस ने की कार्रवाई
देवास। शहर में सोशल मीडिया के ज़रिए दहशत और अशांति फैलाने की कोशिश करने वालों को अब पुलिस की नज़र से बचना नामुमकिन होता जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के नेतृत्व में चलाए जा रहे “ऑपरेशन सबक” के अंतर्गत सोशल मीडिया पर अशांति फैलाने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
हाल ही में थाना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने तीन युवकों को सबक सिखाते हुए न केवल कानून का भय दिखाया बल्कि उन्हें सार्वजनिक रूप से माफी मांगने पर मजबूर भी कर दिया।
इस पूरे घटनाक्रम की शुरुआत तब हुई जब तीन युवकों आदित्य पटेल (उम्र 27), कपिल कुमावत (उम्र 34) व चेतन शर्मा (उम्र 21) द्वारा एयर गन को लहराते हुए एक वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया। वीडियो में युवकों द्वारा एयर गन का खुलेआम प्रदर्शन कर ‘दमदारी’ दिखाने का प्रयास किया गया।
वीडियो के वायरल होते ही सोशल मीडिया सेल सतर्क हुई और तुरंत इसकी सूचना थाना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस को दी गई।
पुलिस ने तलब कर दी ‘कानूनी नसीहत’
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) जयवीर सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन, उप पुलिस अधीक्षक (एल/आर) संजय शर्मा के निर्देशन और थाना प्रभारी शशिकांत चौरसिया के नेतृत्व में तत्काल एक टीम गठित कर तीनों युवकों को थाने बुलाया गया।
थाने में पुलिस द्वारा तीनों युवकों को स्पष्ट रूप से बताया गया कि सार्वजनिक स्थान पर इस प्रकार एयर गन या किसी भी हथियार का प्रदर्शन करना न केवल कानून के विरुद्ध है, बल्कि यह समाज में भय और दहशत का माहौल बनाता है।

वीडियो डिलीट किया-
थाना में हुई समझाइश के बाद तीनों युवकों ने अपने कृत्य पर माफी मांगी, और उसी समय वीडियो को सोशल मीडिया से हटाया। उन्होंने आश्वासन भी दिया कि भविष्य में वे इस प्रकार की कोई गतिविधि नहीं करेंगे।
एसपी का संदेश-
एसपी पुनीत गेहलोद ने साफ शब्दों में कहा
सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भड़काऊ, आपत्तिजनक या डर फैलाने वाली पोस्ट करने वालों पर हमारी सीधी नज़र है। ‘ऑपरेशन सबक’ का उद्देश्य यही है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले हर तत्व को सख्त सजा और सबक मिले।




