खेत-खलियान

मूंग-उड़द की खरीदी नहीं होने से नाराज है किसान

Share

खरीदी नहीं होने पर मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे किसान

देवास/भमौरी। मध्यप्रदेश में मूंग, उड़द उत्पादन का देशभर में पहला स्थान है। मप्र के लगभग 30 से अधिक जिलों में लगभग 15 लाख हेक्टेयर में मूंग की खेती होती है। समर्थन मूल्य पर सरकारी खरीदी नहीं होने से किसान नाराज है।

भारतीय किसान संघ के मालवा प्रांत अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण पटेल ने बताया, कि मंडियों में मूंग 6000/6200 रुपए प्रति क्विन्टल में बिक रही है। वर्ष 2025-26 में केन्द्र सरकार ने मूंग का समर्थन मूल्य 8768 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। उड़द का सर्मथन मूल्य 7800 रुपए घोषित किया है।

इससे किसानों को 2000 रुपए प्रति क्विंटल का नुक़सान हो रहा है। उन्होंने कहा पिछले दिनों मूंग-उड़द की खरीदी हेतु भारतीय किसान संघ ने प्रदेश की सभी तहसीलों में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया था एवं धरना प्रदर्शन किया था।

मूंग-उड़द की सरकारी खरीदी नहीं होने से भारतीय किसान संघ के केन्द्रीय नेतृत्व ने केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर मप्र में मूंग-उड़द की सरकारी खरीद करने की मांग की। इस पर उन्होंने कहा मप्र सरकार केन्द्र सरकार को खरीदी का प्रस्ताव भेजती है तो केन्द्र सरकार तुरंत मूंग-उड़द की सरकारी खरीदी का आदेश जारी करेगी।

अगर राज्य सरकार खरीदी का प्रस्ताव केन्द्र को नहीं भेजती है तो आने वाले दिनों में भारतीय किसान संघ मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेगा।

Related Articles

Back to top button