ऑपरेशन हवालात के तहत देवास पुलिस की बड़ी सफलता

– छह साल से डकैती संबंधी मामले में फरार आरोपी को पकड़ने में मिली कामयाबी
देवास। जिले में अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन हवालात” के तहत थाना बागली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। छह वर्षों से फरार चल रहे स्थायी वारंटी परम उर्फ प्रेम पिता नरवर (निवासी टांडा, जिला धार) को पुलिस ने दबोच लिया। आरोपी पर डकैती जैसे संगीन अपराध का मामला दर्ज था और वह लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहा था। पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।
देवास पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत के नेतृत्व में जिले में 1 नवंबर 2024 से “ऑपरेशन हवालात” चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य लंबे समय से फरार इनामी बदमाशों, स्थाई वारंटियों और गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करना है। अभियान के तहत अब तक 307 फरार/स्थाई/गिरफ्तारी वारंटियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिन पर कुल 56,000 रुपए के इनाम घोषित थे।
गुप्त सूचना से मिली सफलता-
थाना बागली पुलिस के अनुसार, धारा 458, 395 भादवि (डकैती) के तहत दर्ज मामले में आरोपी परम उर्फ प्रेम पिछले 6 वर्षों से फरार था। पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों के नेटवर्क का सहारा लिया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सौम्या जैन के मार्गदर्शन और अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) बागली सृष्टि भार्गव के निर्देशन में थाना प्रभारी बागली मनीषा दांगी एवं चौकी प्रभारी कमलापुर मलखान सिंह भाटी ने आरोपी की धरपकड़ के लिए एक विशेष टीम गठित की।
25 मार्च को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी जिला धार में देखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए और पुलिस टीम को रवाना किया गया। टीम ने रणनीतिक तरीके से घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।
देवास पुलिस का अपराधियों पर शिकंजा जारी-
देवास पुलिस की यह कार्रवाई ऑपरेशन हवालात की सफलता का एक और उदाहरण है। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत ने कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी और फरार अपराधियों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।




