सतवास: अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान दंपती ने लगाई आग, दोनों गंभीर रूप से झुलसे

सतवास/देवास। जिले के सतवास में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान एक दंपती द्वारा खुद को आग लगाने की गंभीर घटना सामने आई है।
इस घटना में पति-पत्नी गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और लोगों ने थाने के सामने चक्काजाम कर दिया, जिससे करीब तीन किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लग गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सतवास बस स्टैंड क्षेत्र में स्टेशनरी व फोटोकॉपी की दुकान संचालित करने वाले संतोष व्यास एक कॉलोनी में मकान का निर्माण करवा रहे थे। प्रशासन को निर्माण स्थल पर नाली पर अतिक्रमण की शिकायत मिली थी। इसी शिकायत के आधार पर बुधवार को तहसीलदार अरविंद दिवाकर जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंचे।
कार्रवाई के दौरान हुआ विवाद, दंपती ने लगाई आग-
कार्रवाई के दौरान संतोष व्यास और उनकी पत्नी जयश्री व्यास की प्रशासनिक अधिकारियों से बहस हुई। इसी दौरान दंपती ने अचानक अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। मौके पर मौजूद लोगों और प्रशासनिक अमले ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाई, लेकिन तब तक दोनों गंभीर रूप से झुलस चुके थे।
घटना के बाद भड़का आक्रोश, थाने के सामने चक्काजाम-
घटना की सूचना फैलते ही क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। नाराज लोगों ने सतवास बस स्टैंड स्थित पुलिस थाने के सामने चक्काजाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाइश देने में जुटे रहे।

परिवार ने कार्रवाई को बताया अवैधानिक-
घायलों को पहले सतवास में प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद उनकी हालत गंभीर होने पर इंदौर रेफर किया गया। इधर, व्यास परिवार ने प्रशासनिक कार्रवाई को अवैधानिक बताते हुए आरोप लगाया है कि निर्माण के लिए पूर्व में सभी आवश्यक अनुमतियां ली गई थीं।
तहसीलदार अरविंद दिवाकर ने बताया कि एसडीएम के आदेश पर नाली से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान दंपती ने अचानक आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर मौजूद लोगों और अमले की मदद से आग बुझाकर दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने प्रभारी तहसीलदार को निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में इनका मुख्यालय कलेक्टर कार्यालय में रहेगा। प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी चुन्नीलाल जुनवाल को भी निलंबित किया है। मामले की जांच और स्थिति पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।




