नगर निगम

गौवंशों को अपनी सीमा में न रखने वाले गौपालकों पर होगी कार्रवाई

Share

सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों पर लगाया जाएगा दंड

देवास। शहर के मुख्य मार्गों, चौराहों और अन्य प्रमुख स्थानों पर स्वच्छंद रूप से विचरण कर रहे मवेशियों और गौवंशों के पालकों पर नगर निगम प्रभावी कार्रवाई करेगा। इसके लिए नगर निगम महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल द्वारा शहर के समस्त गौपालकों की वार्डवार सूची वार्ड दरोगाओं के माध्यम से तैयार करवाई गई है।

इस संबंध में महापौर ने विधायक एवं महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल, निगम स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष के साथ समस्त 45 वार्डों के दरोगाओं, स्वच्छता निरीक्षकों एवं अन्य कार्य में तैनात अधिकारियों की एक आवश्यक बैठक शुक्रवार को महापौर निवास सिविल लाइन पर ली। बैठक में उपस्थित समस्त वार्ड दरोगाओं से उनके वार्डों में गौपालकों की सूची प्राप्त की गई। वर्तमान में कुछ वार्डों को छोड़कर शहर में 502 गौपालकों की सूची तैयार हुई है, जिसमें 817 गौवंश दर्ज हैं।

इन गौपालकों को नोटिस जारी कर 3 दिवस में अपने-अपने गौवंश/मवेशियों को अपनी सीमा में रखने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समयावधि के पश्चात भी यदि पालन नहीं किया गया, तो संबंधितों पर नियमानुसार दंड आरोपित किया जाएगा। महापौर ने निर्देश दिए कि आवारा गौवंशों को पकड़कर शंकरगढ़ गौशाला में भेजा जाए। प्रमुख कार्यवाही स्टेशन रोड, उज्जैन रोड, महात्मा गांधी मार्ग, जवाहर चौक, सुभाष चौक, भोपाल एवं उज्जैन बायपास सहित अन्य प्रमुख मार्गों और चौराहों पर की जाए।

बैठक में महापौर ने कहा कि कई वार्ड क्षेत्रों में कचरे के ढेर की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। इसके समाधान हेतु 9 स्वच्छता निरीक्षकों और वार्ड दरोगाओं को निर्देशित किया गया कि वे प्रमुख चौराहों, मार्गों और गलियों में कचरे का एकत्रीकरण न होने दें। यदि शिकायत मिलती है, तो तत्काल कचरे का परिवहन कर निपटान किया जाए। इस कार्य में कोई कोताही न बरती जाए।

सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी करने वालों पर चालानी कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। पहली बार 200 रुपए, दूसरी बार 500 रुपए और तीसरी बार 1,000 रुपए का चालान किया जाएगा। इसके पश्चात भी उल्लंघन करने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध पुलिस में प्राथमिकी दर्ज करवाई जाएगी।

बैठक में आवारा श्वानों को पकड़ने हेतु निगम की डॉग कैचर टीम को निर्देश दिए गए कि वे प्रतिदिन कम से कम 10 श्वानों को पकड़ें और उन्हें नसबंदी हेतु पशु चिकित्सालय भेजें।

महापौर ने निर्देश दिए कि प्रमुख स्थलों पर लगे डस्टबिन्स को प्रतिदिन खाली किया जाए। अस्थाई अतिक्रमण हटाकर उसकी पुनरावृत्ति न हो, इसकी नियमित मॉनिटरिंग की जाए। सीवरेज लाइन की शिकायतों को निगम के लोक निर्माण विभाग व परियोजना विभाग को भेजा जाए।

सफाई कार्य में लगे सफाई मित्रों की उपस्थिति की प्रतिदिन जांच के निर्देश दिए गए। जो कर्मचारी कार्य पर अनुपस्थित पाए जाएं, उनके वेतन में कटौती की जाए तथा एक माह तक लगातार अनुपस्थित रहने पर सेवा से पृथक करने की कार्रवाई की जाए। बैठक में अनुपस्थित 4 दरोगाओं का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में निगम उपायुक्त जाकिर जाफरी, स्वास्थ्य अधिकारी जितेंद्र सिसोदिया, स्वच्छता निरीक्षक हरेंद्र सिंह ठाकुर, भूषण पवार, हेमंत उबनारे, ओमप्रकाश पथरोड़, रवि गोयनार, सभी वार्ड दरोगा और बड़ी संख्या में सफाई मित्र उपस्थित रहे।

Back to top button