बारिश थमने से नर्मदा का जल स्तर हुआ कम

वार्ड क्रमांक 14-15 का नगर से संपर्क जुड़ा, निचली बस्ती के लोगों को मिली राहत
नेमावर (संतोष शर्मा)। नर्मदा के जल भराव के ऊपरी क्षेत्र के बांधों के गेट बंद होते ही नेमावर नर्मदा के जल स्तर में काफी अंतर आ गया। अब नर्मदा सामान्य जल स्तर के मुकाम पर पहुंच गई।
जल स्तर के कम होते ही लोगों को राहत मिल गई। वही प्रशासन भी राहत महसूस कर रहा है। विगत दो-तीन दिनों से लगातार जल स्तर मे वृद्धि के चलते आम जन के साथ प्रशासन भी नर्मदा के जल स्तर पर सतत निगरानी रखे हुए था।

बेक वाटर के कम होते ही रास्ता खुला-
विगत दो दिन से नगर के एक हिस्से में बाढ़ के चलते शेष नगर से दो वार्डो का सड़क संपर्क कट गया था। शुक्रवार सुबह से नर्मदा के जल स्तर में गिरावट आते ही वार्ड क्रमांक 14-15 का नगर से संपर्क जुड़ गया। बाढ़ के चलते इन वार्डो के निवासियों को संत आत्माराम बाबा मार्ग से नगर में आने को बाध्य होना पड़ रहा था।
वहीं कुडगांव मार्ग में भी दगड़िया बाबा देव स्थान के नाले में नर्मदा का बेक वाटर उतरते ही कुडगांव, मुरझाल, अकाबलिया, पिपलिया, करोंद, चीचली, बिजलगांव सहित करीब 15 ग्रामों का नेमावर मुख्यालय से संपर्क जुड़ गया। बाढ़ के दरमियान इन्हें करीब 15 किमी का चक्कर लगा कर नेमावर तक पहुंचना पड़ रहा था।



