इंदौर

Indore news कलेक्टर आशीष सिंह ने बुजुर्ग दंपती को दिलाया मकान का कब्जा

Share

indore news

किरायेदार नहीं कर रहा था मकान खाली, एक वर्ष से परेशान थे बुजुर्ग

इंदौर। कलेक्टर आशीष सिंह की संवेदनशीलता से इंदौर के सुदामा नगर निवासी बुजुर्ग दंपती को उनके मकान का कब्जा मिला है। जनसुनवाई में कलेक्टर श्री सिंह के समक्ष सुदामा नगर इंदौर निवासी आवेदिका विजयलक्ष्मी पति जिनेश कुमार कोठारी द्वारा शिकायत की गई थी कि घर के खर्च तथा दवाइयां आदि के खर्चे हेतु उन्होंने सुदामा नगर स्थित स्वयं के नाम का घर किरायेदार प्रतीक सक्सेना को 28 जून 2023 को निवास करने हेतु दिया गया था। आवेदिका श्रीमती कोठारी कैंसर पीड़ित है तथा उनके पति हार्ट पेशेंट है। दोनों इंदौर में अकेले रहते हैं। उनका पुत्र निलेश बाहर रहता है।

आवेदिका ने बताया कि किरायेदार प्रतीक ने घर में कुत्ता पाल लिया तथा ब्यूटी पार्लर का कार्य करने लगे। किरायेदार द्वारा बिजली का बिल नहीं दिया जाता था और ना ही पानी का बिल दिया गया। किराये की राशि मांगने पर विवाद किया जाता। आवेदिका द्वारा उक्त संबंध में थाने में भी शिकायत की गई थी। वह पिछले एक वर्ष से परेशान हो रही थी।

कलेक्टर द्वारा उक्त शिकायत पर संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए गये। एसडीएम राऊ विनोद राठौर ने बताया कि कलेक्टर श्री सिंह के निर्देशानुसार उक्त मकान खाली करवाने की कार्यवाही की गई तथा मकान का कब्जा बुजुर्ग दंपती को सौंप दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button