109 टीमों के बीच सिरोल्या की बेटियों का शानदार प्रदर्शन, पर्यटन क्विज में बढ़ाया मान

मप्र पर्यटन क्विज-2026 में शासकीय स्कूल की छात्राओं ने रचा गौरव, विजेता टीमों को मिलेगा प्रदेश में निःशुल्क शैक्षणिक भ्रमण
सिरोल्या (अमर चौधरी)। प्रतिभा और मेहनत के दम पर सिरोल्या की छात्राओं ने एक बार फिर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
मध्यप्रदेश पर्यटन क्विज-2026 की जिला स्तरीय प्रतियोगिता में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिरोल्या की छात्राओं ने जिले में तृतीय स्थान हासिल किया, जबकि शासकीय हाईस्कूल सिरोल्या की छात्राओं ने पंचम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
जिला स्तरीय प्रतियोगिता में शासकीय एवं अशासकीय शिक्षण संस्थानों की 109 टीमों ने हिस्सा लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच सिरोल्या की छात्राओं ने अपनी मेहनत, ज्ञान और तैयारी के दम पर उल्लेखनीय सफलता हासिल की।
तृतीय स्थान हासिल कर जीता निःशुल्क शैक्षणिक भ्रमण-
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिरोल्या की तृतीय स्थान प्राप्त टीम में कृषिका बागवान, आस्था जायसवाल और सुहानी बागवान शामिल रहीं। उनकी इस उपलब्धि पर पर्यटन विभाग, मध्यप्रदेश शासन की ओर से टीम को मध्यप्रदेश में 3 दिन और 2 रात का निःशुल्क शैक्षणिक भ्रमण कराया जाएगा।
पांचवें स्थान पर भी सिरोल्या की छात्राओं का कब्जा-
इसी प्रतियोगिता में शासकीय हाईस्कूल सिरोल्या की छात्राओं ने भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया और जिले में पांचवां स्थान प्राप्त किया। टीम में प्रेरणा बागवान, संजीवनी चौधरी और गुंजन राजपूत शामिल रहीं। इन छात्राओं को भी पर्यटन विभाग की ओर से 2 दिन और 1 रात का निःशुल्क शैक्षणिक भ्रमण कराया जाएगा।
शिक्षकों ने कहा- मेहनत और लगन का परिणाम
छात्राओं की इस उपलब्धि पर संकुल प्राचार्य ने कहा कि यह सफलता छात्राओं की मेहनत, लगन, ज्ञान और समर्पण का परिणाम है। ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के ज्ञान को बढ़ाने के साथ उनमें सीखने और आगे बढ़ने की भावना को भी मजबूत करती हैं। यह उपलब्धि छात्राओं के साथ उनके अभिभावकों और विद्यालय परिवार के लिए भी गौरव का विषय है।
विद्यालय में हुआ छात्राओं का सम्मान
शानदार प्रदर्शन के बाद विद्यालय पहुंचने पर छात्राओं का शिक्षकों ने पुष्पमाला पहनाकर सम्मान किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर कन्या हाईस्कूल प्राचार्य विक्रम सिंह मालवीय, सोहनलाल पटेल, मुन्नालाल मालवीय, राकेश कुमार ठाकोर, धर्मेंद्र शर्मा, अंकिता खानविलकर, सुचिता जायसवाल, संजय जायसवाल, निलेश बगानिया सहित स्कूल स्टाफ एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने छात्राओं को बधाई दी।




