शिक्षा

क्षिप्रा संकुल में बाल दिवस की धूम, बच्चों ने सजाए व्यंजनों और फलों के आकर्षक स्टॉल

नन्हे-मुन्नों की रचनात्मकता और हुनर ने मोहा मन, शिक्षकों व अभिभावकों ने की सराहना

Share

 

क्षिप्रा (राजेश बराना)। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्षिप्रा संकुल में बाल दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर बच्चों की रचनात्मकता, उमंग और खुशियों से सराबोर नजर आया।

जिला शिक्षा अधिकारी राजीव सूर्यवंशी के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न स्वादिष्ट व्यंजनों, फलों, चाट और पकवानों के आकर्षक स्टॉल सजाए।

बच्चों द्वारा लगाए गए स्टॉल कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहे। विद्यार्थियों ने न केवल विभिन्न व्यंजन तैयार किए, बल्कि उन्हें आकर्षक तरीके से सजाकर अपनी कला, मेहनत और रचनात्मक सोच का परिचय भी दिया। स्टॉलों पर लोगों की अच्छी खासी रुचि देखने को मिली। इस गतिविधि के माध्यम से बच्चों में आत्मविश्वास, आपसी सहयोग और व्यावहारिक कौशल विकसित करने का संदेश भी दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने विद्यार्थियों को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के जीवन, उनके बच्चों के प्रति स्नेह और बाल दिवस के महत्व की जानकारी दी। साथ ही बच्चों को शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार, अनुशासन और सकारात्मक सोच अपनाते हुए जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य प्रदीप भाटी, साबिर शेख, रेखा सिंह, अर्जुनसिंह मालवीय, बाबूलाल पटेल, जितेंद्र मालवीय, रितेश कौशल, राजेश यादव, रमाकांत शर्मा, प्रियांशु शुक्ला, कन्या माध्यमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापक नीलम वशिष्ठ, जावेद खान, अरुण मिश्रा, रजनीश मलतारे, प्रवीण आशापुरे सहित छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। पूरे आयोजन के दौरान विद्यालय परिसर में उत्सव, उमंग और उल्लास का माहौल बना रहा।

Back to top button