नगर निगम

निकासी न होने पर वीना कोचिंग पर लगाया ताला, प्रोजेक्शन ट्रेनिंग सेंटर को दी हिदायत

Share

 

फायर सेफ्टी में बड़ी लापरवाही! निगम ने कोचिंग सेंटर पर जड़ा ताला, दूसरे संस्थान को जारी किए सख्त निर्देश

देवास। शहर में फायर सेफ्टी नियमों की अनदेखी पर नगर निगम ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। शुक्रवार को फायर विभाग की टीम ने दो कोचिंग एवं ट्रेनिंग संस्थानों का निरीक्षण किया।

जांच में सुतार बाखल स्थित वीना कोचिंग क्लासेस में सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन मिलने पर मौके पर ही ताला बंदी की कार्रवाई की गई। वहीं पटवर्धन मार्ग स्थित प्रोजेक्शन प्राइवेट लिमिटेड ट्रेनिंग सेंटर में अग्निशमन उपकरण नहीं मिलने पर संचालक को तत्काल फायर सेफ्टी व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान वीना कोचिंग के तलघर में निकासी मार्ग नहीं मिला, प्रथम तल पर बाहर निकलने का रास्ता संकरा था, पीछे का आपातकालीन निकासी द्वार बंद एवं शटर खराब पाया गया। वहीं द्वितीय तल पर केवल एक निकासी द्वार होने से सुरक्षा मानकों का उल्लंघन सामने आया। निगम की टीम ने इन कमियों को गंभीर मानते हुए कोचिंग सेंटर को तत्काल बंद करा दिया। यहां करीब 40 छात्र अध्ययनरत हैं।

दूसरी ओर पटवर्धन मार्ग स्थित प्रोजेक्शन प्राइवेट लिमिटेड ट्रेनिंग सेंटर के तृतीय तल पर निरीक्षण के दौरान एक भी फायर एक्सटिंग्विशर नहीं मिला। हालांकि भवन में दो निकासी मार्ग और एक लिफ्ट उपलब्ध है, लेकिन अग्नि सुरक्षा उपकरणों के अभाव में संचालक को तत्काल सभी आवश्यक फायर सेफ्टी उपकरण लगाने के निर्देश दिए गए।

नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार ने अधिकारियों को शहर के सभी कोचिंग सेंटर, अस्पताल, स्कूल, होटल, मॉल तथा अन्य व्यावसायिक भवनों की फायर सेफ्टी जांच तेज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जहां भी सुरक्षा मानकों का उल्लंघन मिलेगा, वहां तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button