सूरजपूजा की खुशियां मातम में बदलीं: भोजन के दौरान गिरी गैलरी, दो महिलाओं की दर्दनाक मौत

तेज हवा और बारिश के बीच खटांबा गांव में हादसा, एक महिला व मासूम बच्ची घायल; प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे अस्पताल
देवास (ओम सेन)। जिले के समीप स्थित इंदौर-भोपाल हाईवे पर खटांबा गांव में शुक्रवार शाम सूरजपूजा का उत्सव उस समय मातम में बदल गया, जब तेज हवा और बारिश के बीच एक मकान की गैलरी अचानक भरभराकर गिर गई।
हादसे के समय दर्जनों लोग भोजन कर रहे थे। मलबे में दबने से मां-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला और एक मासूम बच्ची घायल हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार खटांबा गांव में लालघाटी निवासी श्रवण जाटव के यहां सूरजपूजा का धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रिश्तेदार और ग्रामीण शामिल हुए थे।
शुक्रवार शाम करीब चार बजे सभी लोग भोजन कर रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज हवा और बारिश के बीच मकान की गैलरी भरभराकर गिर गई। किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।
संबंधित खबर; छज्जा गिरने से घर के बाहर बैठे रिटायर्ड डीएसपी की मलबे में दबने से दर्दनाक मौत
जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने संजयनगर देवास निवासी लक्ष्मीबाई परमार तथा मां भगवंताबाई को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल सुगनबाई का उपचार किया जा रहा है। हादसे में घायल बच्ची शिवानी के पैर में फ्रैक्चर हुआ है, जिसका इलाज जारी है।
घायल सुगनबाई ने बताया कि सभी लोग आराम से बैठकर भोजन कर रहे थे। अचानक तेज आवाज हुई और देखते ही देखते गैलरी गिर गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागे। घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम अभिषेक शर्मा, सीएसपी सुमीत अग्रवाल तथा बीएनपी थाना प्रभारी प्रीति कटारे जिला अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों का हालचाल जाना और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि तेज हवा और बारिश के कारण गैलरी कमजोर होकर ढह गई। इस दर्दनाक हादसे ने धार्मिक आयोजन की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। गांव में शोक का माहौल है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




