देवास में 100% कचरा पृथक्कीकरण की तैयारी, स्वच्छता निरीक्षकों और वार्ड दरोगाओं को दिया प्रशिक्षण
डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण से लेकर नागरिकों के व्यवहार में बदलाव तक पर हुई चर्चा

देवास। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से नगर निगम देवास द्वारा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। आयोजन नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के निर्देशानुसार आयोजित किया गया।
फीडबैक फाउंडेशन चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में स्वच्छता निरीक्षकों एवं वार्ड दरोगाओं को वेस्ट कलेक्शन, सोर्स सेग्रीगेशन एवं सिटीजन इंगेजमेंट विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण को सुदृढ़ करना और 100 प्रतिशत सोर्स सेग्रीगेशन लागू करना रहा।
कार्यशाला में विधायक एवं महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल, सभापति रवि जैन, आयुक्त दलीप कुमार, निगम लोक निर्माण समिति अध्यक्ष गणेश पटेल, स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष बैस उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन स्वच्छ भारत मिशन से अरुण तोमर ने किया तथा अभार विशाल जोशी ने माना।

फीडबैक फाउंडेशन के चेतन अत्रे ने गीले-सूखे कचरे के पृथक्कीकरण, फील्ड सुपरविजन, बीडब्ल्यूबीजी एवं फील्ड की समस्याओं के समाधान पर चर्चा की, वहीं संदीप सोनी ने आईसी, आरआरआर एवं व्यवहार परिवर्तन पर जानकारी दी।
बताया गया कि सोर्स सेग्रीगेशन संपूर्ण ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की आधारभूत कड़ी है। इसमें सफाई मित्रों, एसआई, सुपरवाइजर और नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। प्रशिक्षण में स्वच्छता निरीक्षक, दरोगा सहित सहयोगी संस्था फीडबैक से विभा गुप्ता, सोहेल पटेल सहित सदस्यों की उपस्थिति रही।




