आपका शहरधर्म-अध्यात्म

महावीर जयंती की धूम में संपूर्ण नगर हुआ महावीरमय

– श्रद्धा के आगे भीषण गर्मी भी हुई नतमस्तक

– चांदी के सुसज्जित रथ पर विराजमान होकर भगवान ने किया नगर भ्रमण

देवास। जियो और जीने दो का अमर संदेश देकर दुनिया को अहिंसा का पाठ पढ़ाने वाले जैन जगत के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामीजी का जन्म कल्याणक दिवस समग्र जैन समाज द्वारा अपूर्व उत्साह एवं हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। संपूर्ण नगर महावीरमय बन गया। महावीर प्रभु के अनुयाईयों की चरम श्रद्धा के आगे भीषण गर्मी भी नतमस्तक हो गई। सूर्य जैसे-जैसे बढ़ता गया लोगों की श्रद्धा भी बढ़ती गई। तीव्र गर्मी के साथ तीव्र उत्साह के बीच यह जन्मोत्सव मनाया गया। महावीर प्रभु के जन्मोत्सव की खुशी मनाते हुए श्रद्धालु झूूमते-नाचते चल रहे थे। चांदी के सुसज्जित रथ में बैठकर जब भगवान महावीर स्वामी नगर भ्रमण पर शोभायात्रा के साथ निकले तो श्रीफल एवं अक्षत से अपने प्यारे प्रभु की अगवानी के लिए श्रद्धालु दौड़े चले आए। शोभायात्रा का मार्ग में अनेक धार्मिक, सामाजिक एवं राजनैतिक संस्थाओं ने स्वागत किया।

स्वच्छ भारत अभियान की ओर जैन समाज ने कदम बढ़ाते हुए शोभायात्रा के अंतिम छोर पर एक विशेष वाहन की व्यवस्था की, जिसमें शोभायात्रा में उपयोग किए गए डिस्पोजल एवं फूलों को एकत्रित करके स्वच्छ भारत, सुंदर देवास एवं स्वस्थ समाज का संदेश नगरवासियों को दिया गया। जैन समाज की इस पहल की सर्वत्र प्रशंसा हुई।

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए प्रवक्ता विजय जैन ने बताया कि इस आयोजन में समिति के अध्यक्ष दीपक जैैन, महासचिव शैलेन्द्र चौधरी एवं पदाधिकारी विलास चौधरी, भरत चौधरी, अतुल जैन, मनीष जैन, नितिन जैन, मनोज कटारिया, संजय कटारिया, अशोक जैन, राकेश तरवेचा, पारस जैन, आतुर चौधरी, गौरव जैन, अंकित जैन ने सहयोग प्रदान किया। महावीर जयंती के उपलक्ष्य में महावीर भवन स्थानक में समाज की विभिन्न प्रतिभाओं द्वारा सांस्कृतिक एवं प्रेरक प्रस्तुति दी गई। श्रमण संस्कृति सदन पर दिगंबर समाज द्वारा कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। नगर के सभी जैन मंदिरों में अनेक विशेष धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन हुआ। जैन धर्मावलंबियों ने अपने निवास स्थान पर केशरिया एवं जैन ध्वज फहराए तथा दीपक जलाए। साथ ही सभी जैन मंदिरों पर आकर्षक विद्युत सज्जा की गई।

आकर्षक शोभायात्रा का नजारा-

मुख्य शोभायात्रा एवं कलश यात्रा प्रात 8.30 बजे श्री शंखेश्वर पार्श्वनाथ मंदिर से निकाली गई। शोभायात्रा में हजारों की संख्या में महिला, पुरुष तथा बच्चें शामिल थे। नवयुवक एवं नवयुवतियों ने विशेष परिधान धारण किए थे। विशाल जनसमुदाय को समाहित किये हुए यह शोभायात्रा अनेक आकर्षणों से सुसज्जित थी। सबसे आगे अश्वारोही दल केशरिया ध्वज थामे चल रहा था। महावीर स्वामी के जीवन चरित्र की नयनाभिराम झांकी ने सभी दर्शकों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर लिया। नवयुवकों में अपूर्व उत्साह था, जो देखते ही बनता था। बालिकाएं आकर्षक डांडिया रास प्रस्तुत कर रही थी। महिलाएं मस्तक पर 108 कलश लेकर कतारबद्ध चल रही थी। इसके बाद चांदी के दो सुसज्जित रथ में विराजमान थे प्रभु महावीर स्वामी। भगवान की एक झलक पाने के लिए श्रद्धालुओं में होड़ लगी हुई थी। संपूर्ण वातावरण भगवान महावीर की जय-जयकार एवं भगवान महावीर का अमर संदेश जियो और जीने दो के नारों से गुंजायमान हो रहा था। महिलाओं का विशाल समूह मंगल गीत गाते हुए चल रहा था।

इन मार्गों से गुजरी शोभायात्रा-

शोभायात्रा वर्धमान जैन स्थानक, श्री आदेश्वर मंदिर बड़ा बाजार, आदिनाथ चौक, श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर मंदिर कवि कालिदास मार्ग, श्री चन्दाप्रभु मंदिर एमजी रोड, श्री चन्दाप्रभु माणिभद्र मंदिर सुतार बाखल, जवाहर चौक होते हुए श्री शंखेश्वर पार्श्वनाथ मंदिर तुकोगंज रोड़ पर समाप्त हुई। श्रमण संस्कृति सदन में श्रीजी का अभिषेक हुआ। रात्रि को सभी जैन मंदिरों में महाआरती एवं भक्ति भावना के विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर आवास नगर एवं श्री आदिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर अलकापुरी से भी कलश यात्रा निकाली गई।

ये थे विशेष अतिथि-

समारोह में मुख्य अतिथि विधायक गायत्री राजे पवार, महाराज विक्रमसिंह पवार, सुभाष शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव खंडेलवाल, दुर्गेश अग्रवाल, रायसिंह सेंधव, कैलाश चंद्रावत, अजय गुप्ता, अनिल सिकरवार, ओम जोशी, बहादुर मुकाती, राजेश यादव, मनीष सेन, संजय दायमा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज राजानी, जयसिंह ठाकुर आदि विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे।

इन स्थानों पर हुआ अन्नदान-

शोभायात्रा समाप्ति के पश्चात मंडी धर्मशाला में स्वामी वात्सल्य आयोजित किया गया। इसके मुख्य सहयोगी नरेश जावंतराजी भंडारी एवं अरविंद इंद्रजीतसिंह चौधरी थे। अन्नदान पारसमल रखबचंद जैन परिवार द्वारा किया गया। नवकारशी का लाभ डॉ. प्रमोद मनीषा बापना ने प्राप्त किया। हामूखेड़ी एवं इटावा स्थित कुष्ठधाम एवं वृद्धाश्रम पर जाकर भोजन वितरित किया गया।

संस्थाओं के प्रति किया आभार व्यक्त-

महावीर जयंती उत्सव समिति के संरक्षक नरेश भण्डारी, दिलीप दोशी एवं विलास चौधरी ने कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु पुलिस प्रशासन, नगर निगम प्रशासन, प्रेस जगत एवं सामाजिक, राजनैतिक, धार्मिक संस्थाओं तथा श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button