राम के आगमन से धरती पर उतरता है स्वर्ग का सुख, दीपावली इसी आनंद की स्मृति का पर्व- सद्गुरु मंगल नाम साहेब
गुरुवाणी में सुनीति, गुरु सेवा और अंतर्मन के शब्द की महत्ता बताई

देवास। दीपावली केवल दीप जलाने और खुशियां मनाने का पर्व नहीं, बल्कि बुराई, अज्ञान और दुखों से मुक्ति का संदेश देने वाला महापर्व है। भगवान राम के आगमन से जिस तरह धरती पर स्वर्ग के सुख का अनुभव हुआ, उसी आनंद और स्मृति को दीप जलाकर जीवंत किया जाता है।
यह विचार सद्गुरु मंगल नाम साहेब ने सद्गुरु कबीर सर्वहारा प्रार्थना स्थली, चूना खदान बालगढ़ में आयोजित गुरु-शिष्य संवाद एवं गुरुवाणी पाठ के दौरान व्यक्त किए।
सद्गुरु मंगल नाम साहेब ने कहा कि राम के आगमन से नरकासुर की राजधानी का अंत हुआ और संसार को नर्क से मुक्ति का संदेश मिला। किसी व्यक्ति के आने से खुशी और किसी के जाने से दुख होता है, लेकिन यह व्यक्ति के स्वभाव और कर्मों पर निर्भर करता है। दुष्ट व्यक्ति के आने से दुख और उसके जाने से राहत मिलती है, जबकि संत-महापुरुषों के आगमन पर लोग फूल-मालाओं से उनका स्वागत करते हैं और खुशियों के दीप जलाते हैं। भगवान राम भी अपने साथ सुख, समृद्धि और प्रसन्नता का संदेश लेकर आए थे। दीपावली पर दीप प्रज्ज्वलित कर उसी आनंदमयी क्षण को स्मरण किया जाता है।
उन्होंने कहा कि दीपावली के अवसर पर शब्दों की महत्ता को भी समझना चाहिए। शब्द प्रदूषण रहित होते हैं, इसलिए उनके संदेश को आत्मसात करना जरूरी है। गुरुवाणी की पंक्ति ‘शब्द अति झीणा बूझ विचारा, जां से होय सकल निर्वाणा’ का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि संसार को दुखों से मुक्त करने वाला शब्द अत्यंत सूक्ष्म है। यह आंखों से नहीं, बल्कि अंतर्मन से अनुभव किया जाता है। उन्होंने कहा कि स्वांस के साथ ‘सोहंग’ शब्द का जाप करना चाहिए, जिसे अजपा जाप और अनहद नाद भी कहा जाता है। यह साधना मन को शांति प्रदान करती है।
नरकासुर की कथा का उल्लेख करते हुए सद्गुरु ने बताया कि मान्यता के अनुसार नरकासुर नर्क का प्रशासक था और उसके संपर्क में आने वाले लोगों को भी नर्क का रास्ता दिखाता था। कहा जाता है कि मृत्यु से पहले उसने लोगों से दीप जलाकर अपनी मृत्यु की खुशी मनाने को कहा था, ताकि संसार को नर्क से मुक्ति मिलने का संदेश दिया जा सके।
राम के आदर्शों की व्याख्या करते हुए उन्होंने कहा कि भगवान राम ने जीवन में अनियमितताओं और बुराइयों पर विजय पाने का मार्ग दिखाया। उन्होंने क्षणिक सुख और रुचिवाद का त्याग कर सुनीति को अपनाया। प्रसंग सुनाते हुए उन्होंने बताया कि जब विभीषण ने भगवान राम से कहा कि आप नंगे पैर हैं, जबकि रावण इंद्र के रथ पर सवार होकर युद्ध करने आया है, तब राम ने अपनी शक्ति का आधार सुनीति, सदाचार, गुरु सेवा और अभिमान रहित आचरण को बताया। उन्होंने समझाया कि बाहरी वैभव और अहंकार स्थायी नहीं होते, जबकि सुनीति और गुरु सेवा जीवन के सच्चे सुरक्षा कवच हैं।
कार्यक्रम के अंत में साध-संगत ने सद्गुरु मंगल नाम साहेब को नारियल भेंट किया और आरती कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। यह जानकारी सेवक वीरेंद्र चौहान ने दी।



