135 विद्यालयों के शिक्षकों ने सीखा बच्चों की बुनियादी शिक्षा मजबूत करने का तरीका
चार दिवसीय FLN प्रशिक्षण के प्रथम चरण का समापन, भाषा और गणित की दक्षताओं पर रहा फोकस

बागली (हीरालाल गोस्वामी)। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत कक्षा 1 और 2 के बच्चों में बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान (FLN) मजबूत करने के लिए आयोजित चार दिवसीय प्रशिक्षण के प्रथम चरण का समापन हुआ।
विकासखंड के 135 विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने प्रशिक्षण में भाग लेकर बच्चों को सरल और गतिविधि आधारित तरीके से पढ़ाने के गुर सीखे।
प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को बच्चों की भाषा और गणितीय दक्षताओं को विकसित करने, संख्या पहचान, जोड़-घटाव, गतिविधि आधारित शिक्षण और डिजिटल सामग्री के उपयोग सहित विभिन्न विषयों की जानकारी दी गई। शिक्षकों को यह भी बताया गया कि कक्षा 1 और 2 के बच्चों की बुनियादी समझ को मजबूत करने के लिए शिक्षण को किस तरह रोचक और प्रभावी बनाया जा सकता है।
प्रशिक्षण का मार्गदर्शन बीआरसी श्री बोहरा, आशीष सिसोदिया, अलकेश पाटीदार, प्रफुल्ल द्विवेदी और ब्लॉक सह-समन्वयक सुभाष मालवीय ने किया।
विषयवार प्रशिक्षण में हिंदी के मास्टर ट्रेनर बीवाई तिवारी और कमलसिंह राजपूत, गणित के मास्टर ट्रेनर विक्रमसिंह परमार और रमेश चंद्र सोलंकी तथा अंग्रेजी के मास्टर ट्रेनर जगदीश परमार और नेहा श्रीवास्तव ने शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया।
प्रशिक्षण के दौरान देवास डीपीसी सुनील शर्मा, निपुण FLN टीम और डाइट देवास की टीम ने निरीक्षण किया। टीम ने प्रशिक्षण गतिविधियों का जायजा लेते हुए शिक्षकों को प्रशिक्षण के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिया।
चार दिवसीय प्रशिक्षण में शिक्षकों ने अपने कक्षा-कक्ष के अनुभव भी साझा किए और बच्चों की सीखने की क्षमता बढ़ाने के लिए अपनाई जा रही गतिविधियों पर चर्चा की।




