
देवास। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ के प्रदेश मंत्री सहज सरकार ने देश एवं प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भाईचारे को मजबूत बनाने का संदेश दिया।
श्री सरकार ने अपने संदेश में कहा कि भारत की विविधता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है। विभिन्न धर्मों, भाषाओं, संस्कृतियों और परंपराओं से समृद्ध हमारा देश एकता के सूत्र में बंधकर निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। राष्ट्रीय एकता दिवस हमें यह संकल्प लेने का अवसर प्रदान करता है कि हम सभी आपसी भेदभाव को भुलाकर देशहित और समाजहित में मिल-जुलकर कार्य करें।
उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। हमें अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए सामाजिक सद्भाव, भाईचारे और सहयोग की भावना को मजबूत करना चाहिए।
प्रदेश मंत्री श्री सरकार ने प्रदेश के कर्मचारियों एवं आम नागरिकों से आह्वान किया कि वे राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर यह संकल्प लें कि “हम सब एक हैं और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के लिए सदैव समर्पित रहेंगे।”
उन्होंने कहा कि एकजुट और सशक्त भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। आइए, हम सभी मिलकर एकता, सद्भाव और भाईचारे की भावना को आत्मसात कर देश एवं प्रदेश की प्रगति में अपना योगदान दें।




