नकली मावा एवं पनीर विक्रय करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
गांधी जयंती से पहले सभी मिड-डे मील किचन में होगी सफाई-पुताई- कलेक्टर ऋतुराज सिंह

बाल विवाह के पश्चात गर्भधारण के मामलों में लापरवाही पर फटकार, चिन्हित मामलों में एफआईआर के निर्देश
कलेक्टर की अध्यक्षता में समय-सीमा संबंधी बैठक आयोजित
देवास। कलेक्टर ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा संबंधी लंबित पत्रों के निराकरण की प्रगति एवं अंतरविभागीय समन्वय से संबंधित मामलों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने पीएम पोषण की समीक्षा कर निर्देश दिए कि राजस्व विभाग का अमला आकांक्षा समग्र विकास समिति की हर हफ्ते जांच करें और खाद्य सुरक्षा अधिकारी भी कार्रवाई कर 15 दिनों में जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि आने वाले दो महीनों के भीतर हर मिड-डे मील किचन की सफाई और पुताई सुनिश्चित की जाए। मिड-डे मील किचन में सालभर में दो बार पुताई करवाने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि एक बार सफाई और पुताई ग्राम पंचायत और दूसरी बार समिति की तरफ से की जाए। आगामी 2 अक्टूबर के पहले हर मिड-डे मील किचन की साफ-सफाई और पुताई सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर श्री सिंह ने बाल विवाह के संबंध में समीक्षा करते हुए बाल विवाह रोकने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग और अनुविभागीय अधिकारियों की लापरवाही पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जिले में बाल विवाह के पश्चात गर्भधारण करने के मामलों में कार्रवाई क्यों नहीं की गई। उन्होंने ऐसे सभी प्रकरणों में एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने नकली मावा और पनीर के संबंध में कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एनालॉग पनीर अगर कहीं पाया जाता है तो वहां कड़ी कार्रवाई की जाए तथा त्योहारों के मद्देनजर यह कार्रवाई तेज करें। गृह, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, श्रम, नगरीय प्रशासन एवं आवास विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण और अनुसूचित जाति कल्याण विभाग की सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण में संतोषजनक प्रदर्शन न पाए जाने पर कलेक्टर श्री सिंह ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि अगली समय-सीमा बैठक से पहले सभी शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण करना सुनिश्चित करें।
कलेक्टर श्री सिंह ने आचार्य विद्यासागर योजना के संबंध में जांच समिति गठित करने के निर्देश दिए और कहा कि पशुपालन विभाग यह सुनिश्चित करे कि योजना के तहत जरूरतमंद लोगों को शासन की योजना का लाभ मिले। बैठक में “मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान” की समीक्षा करते हुए उन्होंने अभियान के तहत आयोजित जन-संवाद में सामने आई समस्याओं को लेकर बरोठा के वेटनरी अधिकारी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुशासन के संकल्प के साथ हम आगे बढ़ रहे हैं और सभी अधिकारी सुनिश्चित करें कि उनके विभाग से संबंधित समस्याओं का संतुष्टिपूर्वक निराकरण किया जाए तथा अभियान के तहत जहां भी शिविर लगता है, उस क्षेत्र की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो।
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने तहसीलदारों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी अधिकारी अपने रिकॉर्ड रूम की जानकारी इकट्ठा कर जल्द से जल्द सूचित करें। नामांतरण की समस्याओं के संबंध में समय-सीमा से बाहर गए प्रकरणों को लेकर संबंधित अधिकारी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी जनपद पंचायत सीईओ को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के संबंध में मस्टर रिव्यू करने के निर्देश दिए और मनरेगा के लंबित प्रकरणों को लेकर भी नाराजगी जाहिर करते हुए बागली, कन्नौद और खातेगांव जनपद को समीक्षा के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की दूसरी किस्त के लंबित प्रकरणों को 1 महीने में संतुष्टिपूर्वक निराकृत किया जाए। बैठक में प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना में आ रही समस्याओं का रिव्यू किया गया तथा कलेक्टर श्री सिंह ने अधिकारियों को कहा कि यदि प्रोग्रेस नहीं दिखती है तो जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में डीएफओ अमित सिंह, अपर कलेक्टर शोभाराम सोलंकी, अपर कलेक्टर संजीव जैन, संयुक्त कलेक्टर विशाखा देशमुख सहित अन्य विभागों के जिला अधिकारीगण उपस्थित थे तथा विकासखण्ड स्तरीय अधिकारी वर्चुअली शामिल हुए।




