देवासप्रशासनिक

उज्जैन रोड पर वन-वे यातायात व्यवस्था लागू करें, मुख्य मार्गों से हटाएं अवैध कट-पॉइंट, एक माह में करें सड़कों की मरम्मत- कलेक्टर श्री सिंह

कलेक्टर ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित

Share

 

– नवरात्रि में माता टेकरी पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुगम यातायात, पेयजल, प्रकाश एवं व्यवस्थित पार्किंग के निर्देश

देवास। कलेक्टर ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में कलेक्टर श्री सिंह और पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने जिले की यातायात व्यवस्था, सड़क सुरक्षा, दुर्घटनाओं की रोकथाम, क्षतिग्रस्त मार्गों के संधारण तथा विभिन्न विभागों से संबंधित कानून-व्यवस्था के विषयों, महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति संबंधी अपराध, नशा मुक्ति, चिन्हित अपराध, गबन-धोखाधड़ी एवं अवैध खनन सहित अन्य विषयों की समीक्षा की।

श्रद्धालुओं के लिए सुगम यातायात एवं पार्किंग की व्यवस्था करें-
कलेक्टर श्री सिंह ने नवरात्रि पर्व के दौरान देवास स्थित माता टेकरी पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुगम यातायात, व्यवस्थित पार्किंग एवं सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश नगर निगम, परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस को दिए। उन्होंने कहा कि शनिवार एवं रविवार को श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ को देखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। माताजी की टेकरी पर श्रद्धालुओं को भीड़ एकत्रित न हो, इसके लिए नीचे ही भीड़ प्रबंधन की समुचित व्यवस्था की जाए।

उज्जैन रोड पर वन-वे यातायात व्यवस्था के निर्देश-
कलेक्टर श्री सिंह ने उज्जैन रोड पर निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए यातायात जाम के चलते वन-वे यातायात व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि देवास से उज्जैन जाने वाले वाहन निर्धारित मार्ग से जाएंगे तथा उज्जैन से आने वाले वाहनों को अन्य मार्गों से डायवर्ट किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जहां अतिक्रमण हटाने एवं लाइट शिफ्टिंग की आवश्यकता है, वहां भी कार्रवाई की जाए।

अवैध कट-पॉइंट हटाने के निर्देश-
बैठक में यातायात पुलिस ने सड़क दुर्घटनाओं की जानकारी दी। बीते एक माह में कुल 11 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 5 दुर्घटनाएं देवास शहर में तथा 6 दुर्घटनाएं जिले के अन्य क्षेत्रों में हुईं। देवास शहर में एक दुर्घटना पेट्रोल पंप के पास अवैध कट-पॉइंट बनाए जाने के कारण होने की जानकारी पर कलेक्टर श्री सिंह ने संबंधित पेट्रोल पंप संचालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज करने, नोटिस जारी करने तथा नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उन्होंने मक्सी बायपास चौराहे पर किए गए अवैध निर्माणों को हटाने की कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) एवं मध्य प्रदेश सड़क निर्माण नियम (एमपीआरडीसी) के मार्गों पर अवैध कट-पॉइंट चिह्नित कर हटाने तथा आवश्यकता के अनुसार उचित यातायात संकेतक एवं साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए।

एक माह में मार्गों की मरम्मत एवं संधारण कार्य पूर्ण करें-
कलेक्टर श्री सिंह ने जिले के सभी मार्गों के संधारण, सड़क के शोल्डर की मरम्मत एवं पैच रिपेयर कार्य एक माह के भीतर पूर्ण करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए। उन्होंने घाट वाले हिस्सों में दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए क्रैश बीम बैरियर लगाने तथा हार्ड शोल्डर का उचित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा से संबंधित कार्यों में लापरवाही नहीं बरती जाए और संबंधित विभाग आपसी समन्वय से समय-सीमा में कार्य पूर्ण करें।

‘स्कूल बस सुरक्षा एप’ पर स्कूल बस एवं अन्य वाहनों का पंजीयन करें-
कलेक्टर श्री सिंह ने ‘स्कूल बस सुरक्षा एप’ पर स्कूली बसों एवं वाहन चालकों, अटेंडेंट एवं अन्य जानकारियों के साथ शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्कूली बच्चों के आवागमन में उपयोग होने वाले सभी वाहनों को पंजीकृत किया जाए और उनका सत्यापन शीघ्र पूर्ण किया जाए।

बैठक में एल-5 लाइसेंसधारियों की मासिक निरीक्षण रिपोर्ट एवं धारा 133 सीआरपीसी के अंतर्गत की गई कार्रवाई की थानावार समीक्षा भी की गई। कलेक्टर श्री सिंह ने संबंधित परिवहन विभाग, यातायात पुलिस, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, पुलिस विभाग एवं नगरीय निकायों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पटाखा दुकानों के लिए उपयुक्त स्थान चिह्नित करें-
दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर श्री सिंह ने ग्रामवार एवं नगरीय निकायवार पटाखा दुकानों के लिए उपयुक्त स्थानों का चयन करने तथा आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

बैठक में नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार, अपर कलेक्टर शोभाराम सोलंकी, अपर कलेक्टर संजीव जैन, एएसपी गजेन्द्र सिंह वर्धमान, एएसपी ट्रैफिक एचएन बाथम सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी, पुलिस अधिकारी एवं जिला सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य उपस्थित थे।

Back to top button