धर्म-अध्यात्म

रिश्ते केवल अधिकारों से नहीं बल्कि एक-दूसरे की जिम्मेदारियों से मजबूत होते हैं- गायत्री परिवार

गायत्री परिवार की अनोखी पहल: सुखी दांपत्य जीवन के लिए दिए गए महत्वपूर्ण सुझाव

Share

 

देवास। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में देशभर में देव दंपत्ति एवं नव दंपत्ति शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।

इसी कड़ी में गायत्री शक्तिपीठ देवास पर भी बदलते दौर में वैवाहिक रिश्तों में आ रही दूरियों को कम करने और युवा पीढ़ी को सुखी व संस्कारवान बनाने के लिए देव दंपत्ति बोध शिविर का सफल आयोजन किया गया।

गायत्री परिवार के मीडिया प्रभारी विक्रमसिंह चौधरी ने बताया कि श्रेष्ठ जीवन जीने का महत्व समझाने के उद्देश्य से अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा एक सराहनीय पहल की गई हैं, इसी उद्देश्य से ‘देव दंपत्ति दायित्व बोध शिविर’ का आयोजन किया गया, जो दोपहर 03 बजे से शाम 06 बजे तक चला। इस शिविर में बड़ी संख्या में नव दम्पत्तियों ने हिस्सा लिया और जीवन भर एक-दूसरे का साथ निभाने का संकल्प लिया।कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम में जिला समन्वयक बाबूलाल खंडेलवाल ने पूरे कार्यक्रम की भूमिका रखी तथा अतिथियों द्वारा देव दांपत्य जीवन पर सार गर्भित प्रकाश डाला गया। देव दंपत्ति शिविर को संबोधित करते हुए गायत्री परिवार की लेखा राठौड़ एवं सरिता पाटीदार ने कहा कि एक मजबूत परिवार ही संस्कारवान समाज की नींव है। रिश्ते केवल अधिकारों से नहीं, बल्कि एक-दूसरे के प्रति अपनी जिम्मेदारियों और कर्तव्यों को निभाने से मजबूत होते हैं। आज देव दंपत्ति संकल्प ले कि हम समाज में आदर्श दंपत्ति के रूप में अपनी पहचान बनाएंगे। केंद्रीय प्रतिनिधि महेश आचार्य ने देव दंपत्ति को साधना, उपासना एवं आराधना के महत्वपूर्ण सूत्र से अवगत कराया ओर जीवन भर पालन करने का अनुग्रह किया। आयोजन में गायत्री परिवार के नवयुग संविधान का संकल्प पाठ भी कराया गया और देव दंपत्ति को उपलब्ध कराया।

आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामीण क्षेत्रों एवं शहरी क्षेत्र से दंपत्ति पधारे जिसमें विनोद पांचाल, दिलीपसिंह सोलंकी, टीना सोलंकी, डॉ. रूपसिंह नागर, दिनेश चौधरी, शेषनारायण परमार, प्रदीप दुबे, मनोज बैरागी, लता खंडेलवाल, मुनीश नामदेव सहित सैंकड़ों परिजन उपस्थित रहे।

देव दंपत्ति शिविर में गायत्री शक्तिपीठ संगीत टीम ने मधुर एवं प्रज्ञा गीतों से देव शिविर में समा बांध दिया एवं वातावरण को सुगम संगीत से भर दिया। देव दंपत्ति बोध शिविर का सफल संचालन जिला युवा प्रकोष्ठ समन्वयक प्रमोद निहाले ने किया एवं आभार व्यक्त तहसील समन्वयक कांतिलाल पटेल ने किया।

Back to top button