राष्ट्रीय सेवा योजना के छात्रों ने संभाली जागरूकता की कमान, नशा मुक्ति का दिया संदेश

देवास। नशा केवल व्यक्ति का स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि परिवार, समाज और देश के भविष्य को भी प्रभावित करता है।
इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से श्री नारायण विद्या मंदिर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1 के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के विद्यार्थियों ने शहर में जागरूकता रैली निकालकर लोगों से नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन अपनाने की अपील की।
ये भी पढ़ें: नशा-मुक्ति अभियान से जुड़ेंगे 10 हजार वॉलंटियर्स
उक्त जानकारी देते हुए राष्ट्रीय सेवा योजना अधिकारी मिर्जा मुशाहिद बेग ने बताया कि देवास पुलिस द्वारा नशा मुक्ति अभियान 2.0 के अंतर्गत जो जागरण अभियान चलाया जा रहा है।

इसके अंतर्गत संस्था के प्राचार्य केके मिश्रा के नेतृत्व में राष्ट्रीय सेवा योजना एवं विद्यालय के छात्रों ने नशा मुक्ति के नारे लगाते हुए रैली निकालकर लोगों को नशे से दूरी बनाने का संदेश दिया।
ये भी पढ़ें: गिरफ्तारी से बचने के लिए नशामुक्ति केंद्र में हो गया था भर्ती
संस्था के प्राचार्य केके मिश्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा शक्ति किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत होती है। यदि युवा नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और संस्कारों को अपनाते हैं तो समाज का भविष्य सुरक्षित और उज्ज्वल बनता है।
उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति की सोच, स्वास्थ्य, आर्थिक स्थिति और पारिवारिक संबंधों को धीरे-धीरे खत्म कर देता है। इसलिए प्रत्येक विद्यार्थी का दायित्व है कि वह स्वयं नशे से दूर रहे और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करे।
ये भी पढ़ें: देवास में ‘एमडी ड्रग्स गैंग’ पर पुलिस का बड़ा प्रहार: 100 पुलिसकर्मियों ने 4 अलग-अलग स्थानों पर दी दबिश
राष्ट्रीय सेवा योजना अधिकारी मिर्जा मुशाहिद बेग ने कहा, कि विद्यालय केवल शिक्षा देने का केंद्र नहीं, बल्कि अच्छे नागरिक तैयार करने की पाठशाला भी है। ऐसे जनजागरण अभियानों से विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित होती है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से संकल्प दिलाया कि वे नशे से दूर रहेंगे और समाज में नशा मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।




