राज्य

एसडीएम ने किया क्षेत्र की शराब दुकानों का आकस्मिक निरीक्षण

निर्धारित समय के पश्चात दुकान खुली पाए जाने पर कार्रवाई हेतु प्रतिवेदन भेजा

Share

ग्वालियर। कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मुरार नरेशचंद्र गुप्ता द्वारा गत रात्रि अनुभाग मुरार के अंतर्गत धर्मवीर पेट्रोल पंप के समीप स्थित वाइन शॉप एवं गोला का मंदिर चौराहे पर स्थित कंपोजिट वाइन शॉप का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान निर्धारित समय के पश्चात दुकानें खुली पाई जाने पर दोनों दुकानों के विरूद्ध आवश्यक कार्रवाई हेतु जिला आबकारी अधिकारी को प्रस्ताव भेजा गया है।

अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मुरार श्री गुप्ता द्वारा अपने दल के साथ धर्मवीर पेट्रोल पंप के समीप स्थित वाइन शॉप का गत रात्रि 11.50 बजे निरीक्षण किया गया। वाइन शॉप बंद होने का निर्धारित समय रात्रि 11.30 बजे तक है। इसके बाद भी रात्रि 11.50 बजे तक दुकान खुली हुई थी और शराब का विक्रय किया जा रहा था। साथ ही गोला का मंदिर चौराहे पर भी रात्रि 11.40 बजे दुकान खुली होकर शराब का विक्रय होना पाया गया।

अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री गुप्ता ने दोनों दुकानों का निरीक्षण कर पंचनामा भी बनवाया और दुकान संचालकों को समय पर दुकानें बंद करने की हिदायत दी।

अनुविभागीय अधिकारी श्री गुप्ता ने दोनों दुकानों के निरीक्षण के दौरान तैयार किए गई रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करने हेतु जिला आबकारी अधिकारी को प्रतिवेदन भेजा है।

Back to top button